सरगुजा
अंबिकापुर, 17 अक्टूबर। सरगुजा रेंज आईजी दीपक झा ने 16 अक्टूबर को बलरामपुर जिले से सायबर सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सायबर ठगी के शिकार पीडि़तों ने अपने अनुभव साझा किए। साथ ही युवाओं में सायबर सतर्कता की भावना बढ़ी। इस अवसर पर आईजी श्री झा ने सुरक्षित ऑनलाइन आदतें अपनाने और सायबर फ्रॉड से सतर्क रहने का आह्वान किया। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने 16 अक्टूबर को बलरामपुर जिले से सायबर सुरक्षा संवाद कार्यक्रम की शुरूआत की।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर छात्राओं और ग्रामीणों को सायबर अपराधों के प्रति जागरूक करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन ठगी या डिजिटल धोखाधड़ी का शिकार न बने। कार्यक्रम में सायबर फ्रॉड से पीडि़तों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया गया, जिन लोगों ने सूझबूझ और हिम्मत से ठगी की घटनाओं की रिपोर्ट कर राशि वापस प्राप्त की। उन्होंने अपने अनुभवों से सभी को सतर्क रहने की प्रेरणा दी।
आईजी ने कहा कि आधुनिक युग में साइबर फ्राॉड एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुका है। सायबर अपराधी रोज नए तरीके निकाल रहे हैं, लेकिन जागरूक नागरिक उनके इरादों को नाकाम कर सकते हैं। किसी भी अनजान कॉल, लिंक, फाईल या ओटीपी साझा करने से बचें। अगर आप किसी धोखाधड़ी का शिकार हो जाएं तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें एवं अपने नजदीकी थाना व चौकी में तत्काल रिपोर्ट दर्ज करवाएं।
आईजी झा ने संवाद के दौरान छात्रों द्वारा पूछे गए सवालों का धैर्यपूर्वक उत्तर दिया और उनके जिज्ञासाओं का समाधान किया। आईजी झा ने कहा कि बच्चों इंटरनेट पर सुरक्षित ऑनलाइन आदतें अपनाकर ही हम साइबर जोखिमों को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने कहा कि सायबर ठगी से बचने के लिए सबसे जरूरी है सतर्कता। किसी भी लालच या इनाम के झांसे में न आएं। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे जो सायबर सुरक्षा की जानकारी सीखें, उसे अपने गांव, परिवार और मित्रों तक जरूर पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें। कलेक्टर ने कहा कि ऑनलाइन लेनदेन में मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने कहा कि सायबर ठग आज-कल नौकरी, इनाम, नकली लिंक या वॉइस कॉल, वीडियो कॉल के जरिये लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विश्वदीपक त्रिपाठी ने कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर द्वारा आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, कलेक्टर बलरामपुर राजेन्द्र कटारा, डीएफओ बलरामपुर आलोक कुमार वाजपेयी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक विमलेश देवांगन, थाना प्रभारी बलरामपुर भपेंद्र साहू, निरीक्षक राजेन्द्र यादव, निरीक्षक कुमार चंदन सिंह, उप निरीक्षक हिम्मत सिंह शेखावत सायबर सेल प्रभारी बलरामपुर, उप निरीक्षक ओम पटेल, चौकी प्रभारी गणेश मोड सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य एनके देवांगन शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर द्वारा किया गया।


