सरगुजा
विश्व अंडा दिवस आज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,9 अक्टूबर। विश्व अंडा दिवस हर वर्ष अक्टूबर के दूसरे शुक्रवार को मनाया जाता है। इस वर्ष 2025 में यह दिवस 10 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
विश्व अंडा दिवस की शुरुआत को लेकर डॉ. सीके मिश्रा ने बताया कि इस दिवस की पहल अंतरराष्ट्रीय अंडा आयोग द्वारा वर्ष 1996 में की गई थी। तब से यह दिवस प्रतिवर्ष पूरे विश्व में मनाया जा रहा है।
इसका उद्देश्य अंडों के पोषण मूल्य और स्वास्थ्य लाभ के बारे में जागरूकता बढ़ाना। वैश्विक स्तर पर कुपोषण से लडऩे में अंडे की भूमिका को उजागर करना।स्थायी अंडा पालन को बढ़ावा देना और अंडा उद्योग को समर्थन देना।लोगों को रोजग़ार के अवसर प्रदान कर आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ाना।
अंडे क्यों ज़रूरी हैं? इसे लेकर पशु चिकित्सक सीके मिश्रा ने बताया कि अंडे में उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन होता है। एक अंडे में लगभग 6 ग्राम प्रोटीन होता है। यह शरीर की मांसपेशियों के विकास और मरम्मत में सहायक होता है। अंडे में पाए जाने वाले विटामिन डी हड्डियों के लिए लाभकारी है।विटामिन बी 12 – तंत्रिका तंत्र के लिए ज़रूरी है।सेलेनियम - रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। कोलीन - मस्तिष्क के विकास में सहायक है। अंडे हर वर्ग के व्यक्ति के लिए सुलभ और किफायती पोषण का स्रोत हैं।
विश्व अंडा दिवस न केवल अंडे के पोषण लाभों को समझने का अवसर है, बल्कि यह स्वस्थ समाज और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी है। हमें चाहिए कि हम इस दिवस के माध्यम से अंडे के महत्व को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं।


