सूरजपुर
ग्रामीणों और वाहन चालकों में नाराजगी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
प्रतापपुर,14 जून। सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र में हाईवे से गुजरने वाले ट्रक, पिकअप, मालवाहक और मंडी वाहनों से जांच के नाम पर कथित रूप से राशि लेने के आरोप लगे हैं। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों, वाहन चालकों और व्यापारियों के बीच नाराजगी का माहौल देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। कई वाहन चालकों का दावा है कि हाईवे पर जांच के दौरान उन्हें अनावश्यक रूप से रोका जाता है और कथित तौर पर 200 से 500 रुपये तक की राशि मांगी जाती हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी ह।
क्षेत्र के व्यापारियों और वाहन संचालकों का कहना है कि यदि कोई वाहन सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ चल रहा है तो उसे बार-बार रोककर पूछताछ किए जाने और कथित वसूली की शिकायतें गंभीर चिंता का विषय हैं। लोगों का आरोप है कि हाईवे पर परिवहन कार्य से जुड़े कई लोग इस व्यवस्था से परेशान हैं, लेकिन कार्रवाई के डर से खुलकर सामने नहीं आना चाहते।
कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप गलत हैं तो पुलिस विभाग को सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखना चाहिए और यदि कहीं कोई गड़बड़ी है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस विषय में पुलिस एसडीओपी अनुप एक्का ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी, और मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


