सूरजपुर
छापेमारी में खुलासा, 7 जुआरी गिरफ्तार, एक लाख नगद जब्त
सूरजपुर, 28 नवंबर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिसिया मिलीभगत से जुआ खिलवाए जाने का मामला सामने आया है। एसपी योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिला स्तरीय पुलिस टीम द्वारा की गई औचक कार्रवाई में जुए के फड़ का भंडाफोड़ होने के बाद थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
शुक्रवार को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास एक सूने मकान में जुआ संचालित होने की सूचना एसपी को मिली थी। इसके बाद उन्होंने जिला स्तर के पुलिस अधिकारियों की टीम गठित कर तत्काल छापेमारी के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 99 हजार 600 रुपये नकद, ताश की 52 पत्तियां, तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक ओमनी कार जब्त करते हुए सात जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। छापेमारी के दौरान जांच में सामने आया कि प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल द्वारा कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से जुए का फड़ संचालित किया जा रहा था। मामले की जांच में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई नहीं करने और जुआ खिलवाने के कारोबार में प्रथम दृष्टया संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर एसपी ने सख्त कदम उठाया।
एसपी योगेश कुमार पटेल ने प्रतापपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना, उपनिरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक क्रमांक 618 राजेश तिवारी, आरक्षक क्रमांक 847 भीमेश आरमो और आरक्षक क्रमांक 698 राजकुमार पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया है।