सूरजपुर

समावेशी शिक्षा: दिव्यांग बच्चों व पालकों का दो दिनी प्रशिक्षण
04-Jan-2026 11:10 PM
समावेशी शिक्षा: दिव्यांग बच्चों व पालकों का दो दिनी प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 4 जनवरी।
कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक (समग्र शिक्षा) सूरजपुर के निर्देशानुसार विकासखंड सूरजपुर में समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिश्रामपुर में किया गया। कार्यशाला में दिव्यांग बच्चों के साथ उनके पालक, समुदाय के सदस्य एवं सामान्य विद्यार्थी भी सहभागी बने।
कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें दिव्यांग बच्चों के समावेशन तथा शाला त्यागी बच्चों को पुन: शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला के प्रथम दिवस वातावरण निर्माण कार्यक्रम के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को सामान्य बच्चों के साथ शिक्षा की मुख्यधारा में जोडऩे हेतु विचार-विमर्श किया गया। साथ ही शासन द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।
द्वितीय दिवस गैप आइडेंटिफिकेशन फॉर आउट ऑफ स्कूल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शाला त्यागी बच्चों की पहचान, उन्हें पुन: विद्यालय से जोडऩे तथा इस प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं के समाधान पर प्रशिक्षण दिया गया।
विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सूरजपुर मनोज कुमार मंडल ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में दिव्यांग बच्चों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं।
इस आयोजन को सफल बनाने में बीआरपी सुदर्शन राजवाड़े, मास्टर ट्रेनर्स (समावेशी शिक्षा) राधा नंदी, योगेश चंद्राकर तथा संकुल समन्वयक गौरी शंकर पांडेय सक्रिय रहे।


अन्य पोस्ट