सुकमा

मनरेगा और धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम
30-Jan-2026 10:42 PM
मनरेगा और धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 30 जनवरी। मनरेगा से जुड़े मुद्दों और धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को सुकमा जिले में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम किया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुकमा जिला मुख्यालय सहित विभिन्न ब्लॉकों में प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय के बस स्टैंड चौक पर धरना देने के बाद चक्का जाम किया गया। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें मनरेगा के अंतर्गत मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की गई।

पत्रकारों से बातचीत में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कहा कि जिले के किसान धान खरीदी केंद्रों में अपनी उपज बेचने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में टोकन संबंधी समस्याओं के कारण कई किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान धान खरीदी की प्रक्रिया सरल थी, जबकि वर्तमान में नियमों के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। यह आरोप भी लगाया गया कि मनरेगा के नियमों में बदलाव से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार प्रभावित हो रहा है।

नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन ने प्रेस वार्ता में कहा कि किसानों और मजदूरों के हित में नियमों में बदलाव नहीं किया जाना चाहिए तथा धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाई जानी चाहिए।

इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों और पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।


अन्य पोस्ट