सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 नवंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत सी. पी. एम. हायर सेकेंडरी स्कूल, सारंगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं वक्ताओं ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा एवं समान अवसर प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बाल विवाह न करने एवं न होने देने की शपथ दिलाई गई। साथ ही समाज के प्रत्येक शिक्षक एवं विद्यार्थी से अपील की गई कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग एवं प्रशासन को 1098 नंबर पर संपर्क कर सूचित करें तथा इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटियों को बाल विवाह नहीं, बल्कि शिक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य का अधिकार मिलना चाहिए।