सारंगढ़-बिलाईगढ़

जंगली सुअर का मांस बरामद, 2 बंदी
22-Nov-2026 9:07 PM
जंगली सुअर का मांस बरामद, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 22 नवंबर। वन विभाग ने जंगली सुअर के शिकार और उसके मांस रखे होने की सूचना पर ग्राम सेमरापाली में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को कल गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से जंगली सुअर का मांस और बाल बरामद कर जब्त किए।

वन विभाग के अनुसार, उसे ग्राम सेमरापाली में जंगली सुअर के शिकार की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान मांस और बाल बरामद किए गए।

मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। विभाग के अनुसार, विवेचना के दौरान भेष कुमार थुरिया और युवराज उर्फ मोहन पटेल को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय सारंगढ़ में पेश किया गया। वन विभाग ने बताया कि मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट