राजनांदगांव

ढाई वर्ष पूर्व शुरू हुई चुनावी तैयारियां
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 26 जुलाई। भाजपा ने ढाई वर्ष पूर्व ही चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। मुहिम के तहत सबसे पहले मंडल के बूथ व शक्ति केंद्रों को मजबूत एवं कार्यकर्ताओं को संगठित किया जा रहा है। रविवार को कुमर्दा मंडल में सशक्त शक्ति केंद्र व सशक्त बूथ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया गया और उन्हें एकजुट होकर अभी से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने मैदान में सक्रिय हो जाने का संकल्प दिलाया गया।
खुज्जी विधानसभा के कुमर्दा मंडल में रविवार को सशक्त शक्ति केंद्र व सशक्त बूथ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संगठित व रिचार्ज किया गया। अभियान को सफल बनाने कुर्मदा मंडल के प्रभारी जिला भाजपा मंत्री राजेश सिंघी ने कुर्मदा के हल्बा सामुदायिक भवन में पार्टी के मंडल कार्यसमिति की बैठक ली। बैठक में पार्टीजनों को सशक्त शक्ति केंद्र व सशक्त बूथ अभियान की विस्तार से जानकारी दी। श्री सिंघी ने बूथ व शक्ति केन्द्र को मजबूत बनाने मंडल पदाधिकारियों को टिप्स दिए। मंडल प्रभारी ने कार्यसमिति के सदस्यों से परिचय प्राप्त कर उन्हें 25 सितंबर से पूर्व शक्ति केन्द्रों में संयोजक, सह-संयोजक के चयन करने का निर्देश दिया। बैठक में कुर्मदा मंडल में शक्ति केंद्रों के गठन के लिए 17 प्रभारी बनाए गए और उन्हे समय-सीमा के अंदर सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में 25 सदस्यीय बूथ कमेटी का गठन 25 सितंबर से पूर्व करने का आह्वान किया गया। बैठक में कोरोना महामरी काल में दिवंगत हुए भाजपा नेता राजू सागर, चिंताराम मंडावी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा बैठक में मंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे कोविड वैक्सीनेशन केंद्रों में सप्ताह में दो बार जरूर पहुंचे एवं यहां भारत सरकार के नि:शुल्क टीकाकरण कार्यक्रम व पीएम मोदी का फोटो जरूर लगवाएं। बैठक का संचालन महामंत्री बोधन साहू व आभार ज्ञापन नूनकरण भूआर्य ने किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गोपाल साहू, हिरेन्द्र साहू, कैलाश शर्मा, कपिल बघेल, डोमन साहू , परमराज भुआर्य, भूपेन्द्र नायक, दिलेश्वर मानिकपुरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिरूद्ध चंद्राकर, दीपक कलामे, बिदेराम मरकाम, राजेन्द्र देवागंन, फूलचंद सेन, संतोष साहू, दिग्विजय साहू, आनंद तिवारी, टुमेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
केन्द्र की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
बैठक में श्री सिंघी ने कार्यकर्ताओं को केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। श्री सिंघी ने प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला, किसान सम्मान निधि, स्वच्छता अभियान, कोविड का मुफ्त टीकाकरण के अलावा हाल ही में हुए केन्द्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में एसटी, एससी, ओबीसी वर्ग को मिली प्राथमिकता व प्रतिनिधित्व की जानकारी हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके अलावा मंडल प्रभारी ने कांग्रेस की भूपेश सरकार की असफलताओं को भी घर-घर तक ले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छल व झूठे वायदा कर सरकार हासिल करने वाली कांग्रेस हर मोर्चे में असफल हो गई। श्री सिंधी ने कहा कि 36 वायदे कर सरकार में आई कांग्रेस ने ढाई साल में अब तक 10 फीसदी वायदों को पूर्ण नहीं कर पाई है।