राजनांदगांव

बठेना घटना के विरोध में भाजपा ने फूंका सीएम का पुतला
17-Mar-2021 3:30 PM
बठेना घटना के विरोध में भाजपा ने फूंका सीएम का पुतला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च।
दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक के बठेना गांव में एक ही गांव के 5 लोगों कथित हत्या के मामले को लेकर भाजपा ने प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला फूंका। बुधवार को राजनंादगांव समेत समूचे जिले में भाजपाईयों ने पुतला फूंकते हुए बठेना घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। स्थानीय मानव मंदिर चौक में भाजपाईयों ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। पुतला दहन के दौरान पुलिस जवानों और भाजपाईयों के बीच झूमा झटकी की स्थिति बनी रही। 

भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कहा कि आज भाजपा पूरे प्रदेश में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन कर रहे हैं। आज जिले के सभी 20 मंडलों में पुतला दहन का कार्यक्रम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत् दिनों भूपेश बघेल के पाटन विधानसभा के ग्राम बठेना में एक ही परिवार के 5 लोगों की या तो हत्या की गई है या आत्महत्या की है। उनका सुसाईड नोट भी है। सुसाईड को आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। रामबृज गायकड़वाड़ उनकी पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियां ऐसे 5 लोगों की या तो हत्या हुई है या आत्महत्या किया। यदि आत्महत्या हुई है तो किन कारणों से की है उसकी आज तक कोई जांच नहीं हुई। वहीं हत्या हुई है तो उसमें कौन लोग संलिप्त है उसकी आज तक पहचान नहीं हुई है। सुसाईड नोट में क्या है ये प्रदेश की जनता को जानना चाहिए कि आखिर मुख्यमंत्री के क्षेत्र में लोग सुरक्षित नहीं है तो पूरे प्रदेश में लोगों की क्या स्थिति होगी इसकी सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। इसका विरोध करते हुए भाजपा ने आज जिलेभर में 20 स्थानों पर पुतला दहन का कार्यक्रम किया है।

स्थानीय मानव मंदिर चौक में पुतला दहन के दौरान मधुसूदन यादव, किशुन यदु, मधु बैद, विष्णु अग्रवाल, सौरभ कोठारी, शरद सिन्हा, आलोक श्रोती, रमेश पटेल, आकाश चोपड़ा, देवशरण सेन, राजू वर्मा,  ऋषि चौधरी समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।


अन्य पोस्ट