राजनांदगांव

गोल्डन बागेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर कई आयोजन
14-Mar-2021 6:27 PM
 गोल्डन बागेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर कई आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 मार्च। संस्कारधानी के चर्चित स्वर्ण रंग के गोल्डन बागेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व व मंदिर की 75वीं वर्षगांठ मनाई गई। मंदिर को संपूर्ण स्वर्ण रूप कर इसमें बारह ज्योर्तिलिंग की स्थापना कर पूर्व के सिल्वर स्वरूप को गोल्डन स्वरूप दिया गया। आकर्षक साज-सज्जा कर मंदिर को पूर्ण स्वर्ण रंग देकर सौंदर्यीकरण किया गया, जो कि छग में अपने स्वर्ण आकर्षण के कारण अपनी अलग पहचान बनाकर सर्वाधिक चर्चित हो रहा है।

महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह 6 बजे से मंदिर में पूजन अभिषेक महापूजा की गई। जिसमें सुबह से रात्रि तक नगर व आसपास के अन्य क्षेत्रों, नगरों व जिलों से आये दर्शनार्थियों द्वारा श्री बागेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित बारह ज्योर्तिलिंग के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर में दर्शन के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, सुनीता अशोक फडनवीश, किशुन यदु, झम्मन देवांगन, राजा गुप्ता समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा की।

मंदिर समिति के पंकज गुप्ता व आशीष गुप्ता ने बताया कि श्री बागेश्वर महादेव मंदिर आयोजन समिति द्वारा भगवान शिव, बागेश्वर का विशेष श्रृंगार कर रूद्राभिषेक किया गया। महाशिवरात्रि पर सुबह से होने वाली पूजा जो कि प्रतिवर्षानुसार चार प्रहर तक सुबह 5 बजे तक की गई। रात्रि 8 बजे बैंड बाजे की भक्तिमय प्रस्तुति व आकाशीय आतिशबाजी के साथ भगवान भोलेनाथ व स्थापित देवताओं की महाआरती की गई।

मंदिर में 56 भोग, महाप्रसाद, ठंडई का वितरण दर्शनार्थियों को किया गया। दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक व रात्रि में भजन संध्या आयोजित की गई। पूर्वजों व स्व. जवाहर लाल गुप्ता की स्मृति में सुंदरकांठ पाठ आयोजित किया गया।


अन्य पोस्ट