राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई, 13 मार्च। हिन्दू युवा मंच के लिए बुधवार को गंडई में पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें विनोद यादव को अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा अन्य पदों पर युवाओं का चयन किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार हिन्दू युवा मंच छत्तीसगढ़ प्रदेश के आलाकमान द्वारा जिले में संगठन के व्यापकता के साथ विस्तार और संगठन शक्ति को बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर नगर इकाई में कवायद चलाया जा रहा है, जहां युवा स्वस्फूर्त संगठन में सदस्यता ले रहे हैं और उन सदस्यों के बीच पदाधिकारियों का चुनाव किया जा रहा। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष कुमार नायर, प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू, संगठन महामंत्री राजेश शर्मा, जिला प्रभारी आलोक खापर्डे और जिलाध्यक्ष किशोर माहेश्वरी की अनुशंसा से सर्वसम्मति से हिन्दू युवा मंच नगर इकाई गंडई की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया है, जिसमें युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर उनकी नेतृत्व क्षमता को पहचान कर उन्हें भी महत्वपूर्ण भूमिका और दायित्व सौंपे गए।
हिन्दू युवा मंच इकाई गंडई में नगर अध्यक्ष के लिए विनोद यादव, उपाध्यक्ष सेतु ताम्रकार, सचिव दीपक सोनी, संयोजक विष्णु सोनी, मंडल अध्यक्ष कौशल पांडे, महामंत्री धर्मेंद्र बघेल, मंत्री भूपेंद्र यदु, कार्यकारिणी भावेश पाटले, मीडिया प्रभारी तुकेश यादव को बनाया गया।
जिलाध्यक्ष किशोर माहेश्वरी और जिला संयोजक अरविंद तिवारी ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते कहा कि आगामी भविष्य में संगठन का विस्तार समूचे जिले में किया जाएगा। जिसके लिए कार्यकारिणी का विस्तार कर सक्रिय सदस्यों को जि़म्मेदारी देने के साथ उनकी भूमिका भी तय की जाएगी।


