राजनांदगांव

गंडई नपं की पूर्व अध्यक्ष की खुदकुशी में पुलिस को अब तक नहीं मिला सुराग
13-Mar-2021 1:31 PM
गंडई नपं की पूर्व अध्यक्ष की खुदकुशी में पुलिस को अब तक नहीं मिला सुराग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव/गंडई, 13 मार्च।
गंडई नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सुनीता ताम्रकार की आग लगाकर खुदकुशी किए जाने के मामले में पुलिस को अब तक ठोस सुराग नहीं मिला है। हालांकि परिजनों ने पुलिस को घटना के पीछे मृतिका के स्वास्थ्यगत कारणों का हवाला दिया है। हालांकि आत्महत्या जैसे कदम को लेकर कई तरह की चर्चाएं व्याप्त है। 

बताया जा रहा है कि खुदकुशी किए जाने के पीछे घरेलू वजह भी एक कारण माना जा रहा है। मृतिका 2000 से 2005 तक गंडई नगर पंचायत की अध्यक्ष रही है। उसके पति अश्वनी ताम्रकार भी भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वह भी नगर पंचायत के अध्यक्ष रहे हैं। वर्तमान में मृतिका की बहू प्रियंका ताम्रकार जिला पंचायत सदस्य हैं। वहीं उनके बेटे खम्हन ताम्रकार छुईखदान जनपद के उपाध्यक्ष भी हैं। 

बताया जा रहा है कि खुद को आग लगाने से पूर्व मृतिका ने सभी जेवरात उतार लिए थे। घटना के दौरान वह मकान के ऊपर कमरे में थी। जबकि दोनों बहुएं नीचे कमरे में मौजूद थी।
 
मिली जानकारी के मुताबिक परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में मृतिका की खराब सेहत का उल्लेख किया है। इस खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं राजनीतिक जगत में भी शोक का माहौल है। इधर शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद उनकी अंत्येष्ठि कर दी गई। बड़े सुपुत्र खम्हन ताम्रकार ने मुखाग्नि दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार करीब शाम 4 बजे गंडई नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सुनीता ताम्रकार ने अपने निवास में स्वयं पर आग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की जानकारी जैसे ही उनकी बहू को हुई, उन्होंने अपने पति खम्हन ताम्रकार को फोन से दी। इसके बाद लगभग 5 बजे उसे सीएससी गंडई लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनके पति अश्वनी ताम्रकार टिकरीपारा में भागवत सुनने गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर वह भी घर पहुंचे। छोटा सुपुत्र आशीष ताम्रकार अपने दुकान में थे, उनको भी घटना की सूचना मिली तो वे तत्काल घर पहुंचे। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल समेत अलग-अलग राजनीतिक दल, अधिकारी-कर्मचारी समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। इधर इस पूरे मामले में पुलिस को अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। पुलिस की विवेचना अब भी जारी है। 


अन्य पोस्ट