राजनांदगांव

बरसों पुरानी दनिया पुल के फिरेंगे दिन
19-Feb-2021 3:46 PM
बरसों पुरानी दनिया पुल के फिरेंगे दिन

विधायक देवव्रत के प्रयास से 10 करोड़ से बनेगा नया पुल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई पंडरिया, 19 फरवरी।
क्षेत्र की सदियों पुरानी दनिया पुल अब विधायक देवव्रत सिंह के प्रयास से 10 करोड़ की लागत नए स्वरूप में नजर आएगा। इस पुल को नया बनाने की मांग को लेकर विधायक सिंह ने पिछले बजट में प्रस्ताव रखा था। जिसका समर्थन करते कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने शासन को पत्र दिया था। जिसको राज्य सरकार ने 10 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण के लिए स्वीकृति दे दी है। बताया जा रहा है कि पुल पर सर्वे कार्य चल रहा है। टेंडर होते ही पुल निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। 

मिली जानकारी के अनुसार बरसात के समय इस पुल से लोगों का आवागमन बाधित होता रहा है। वहीं यह पुल काफी सकरा और कम ऊंचाई में है। बारिश के दिनों में पुल के ऊपर पानी का बहाव रहता है। ऐसे में दोनों ओर वाहनों की कतार भी लगती रही है। बताया गया है कि यह पुल रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बेमेतरा को गंडई, साल्हेवारा, कवर्धा, खैरागढ़ एवं अन्य शहरों को जोड़ता है। उक्त पुल को उच्च स्तरीय बनाए जाने की मांग लगातार बनी हुई थी। 

इस संबंध में विधायक देवव्रत सिंह ने कहा कि उनके द्वारा पिछले बजट में खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के आखिरी छोर पर बने इस दनिया नदी पुल को नया बनाने बजट में प्रस्ताव रखा था। जिसका समर्थन करते कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने शासन को पत्र दिया था। जिसको राज्य सरकार ने 10 करोड़ रुपए इस पुल निर्माण के लिए स्वीकृति दी है। जिसका सर्वे कार्य चल रहा है। टेंडर होते ही कार्य शुरू हो जाएगा।

सरपंच प्रतिनिधि लेखाराम जंघेल ने बताया कि इस पुल में बारिश के दिनों में तेज बहाव और बाढ़ के चलते कई बार हादसा हो चुके हैं। बड़े वाहन भी बह चुके हैं। दो वर्ष पूर्व ही दो युवक पुल पार करते पानी में बहकर अपनी जान गंवा बैठे।
 


अन्य पोस्ट