राजनांदगांव

सीईसी को हटाने-चुनावी धांधली के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
28-Sep-2026 4:02 PM
सीईसी को हटाने-चुनावी धांधली के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों और पुलिस के बीच झड़प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 28 सितंबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के त्यागपत्र के मुद्दे व चुनावी धांधली के आरोप लगाते सोमवार को देश व्यापी कलेक्टोरेट घेराव को लेकर राजनांदगांव में कांग्रेसियों ने जंगी प्रदर्शन किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने केंद्र की भाजपा सरकार को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। देशभर में भाजपा की सिलसिलेवार जीत के पीछे ज्ञानेश कुमार की भूमिका संदिग्ध मानते हुए कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी मोर्चा खोल दिया है। कड़ी सुरक्षा के बीच स्थानीय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए कलेक्टोरेट घेराव का प्रयास किया। इससे पहले कलेक्टोरेट पूरी तरह से छावनी में बदल गया। सुरक्षा के तीन बड़े बेरिकेट्स लगाकर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कलेक्टोरेट में दाखिल होने से रोका। प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस की जबर्दस्त झड़प भी हुई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार समेत अन्य प्रमुख नेताओं को घेराबंदी के तहत जवानों ने घेराबंदी की थी। बताया जा रहा है कि  प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं की पुलिस से तीखी नोखजोख भी हुई।

मतदाता अधिकारों के मुद्दे को लेकर कांग्रेसियों ने सोमवार को विरोध मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार व जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने कांग्रेस भवन से मतदाता अधिकारों के मुद्दे को लेकर कलेक्टोरेट तक मार्च निकाला और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इधर जिला कार्यालय के सामने कांग्रेसियों को रोकने बेरिकेटिंग लगाई। इसके बावजूद कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते बेरिकेटिंग को फांदकर जिला कार्यालय में प्रवेश किया।

कांग्रेसियों ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं एवं मतदाता सूची से जुड़े विषयों को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कांंग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यप्रणाली और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों के कारण बड़ी संख्या में नागरिकों के मताधिकार प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हुई है व चुनाव परिणाम प्रभावित हुए है।

इसी के विरोध में राजनांदगांव में कांग्रेस ने विरोध मार्च निकालकर जिला कार्यालय का घेराव किया। इधर कांग्रेसियों ने जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पदमुक्त कर उनके द्वारा किए गए कार्यों एवं लिए गए निर्णयों की जांच कर उनके विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

विरोध मार्च में शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव, प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महासचिव आफताब आलम, मेहुल मारू, महेन्द्र यादव, संतोष पिल्ले, रूबी गरचा, अशोक फडऩवीस, सूर्यकांत जैन, हेमा देशमुख, चेतन भानुशाली, हरिनारायण धकेता, कांति बंजारे, अब्दुल कलाम, अभिमन्यु मिश्रा, जय जायसवाल, माया शर्मा समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


अन्य पोस्ट