राजनांदगांव
जिले में एक ही दिन में दर्जनभर मवेशियों की सडक़ हादसों में मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अगस्त। जिले में मवेशियों की सडक़ हादसों में मौत की घटनाओं में रोज इजाफा हो रहा है। सोमवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में दर्जनभर मवेशी तेज रफ्तार वाहनों के चपेट में आने से मौत के मुंह में समा गए। पहला हादसा सोमवार सुबह तुमड़ीबोड़ के नेशनल हाईवे में हुआ। वहीं दूसरी घटना मलईडबरी और सोमनी इलाके में हुई। इस तरह एक ही दिन 15 मवेशियों की मौत हो गई। संबंधित थानों की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक नेशनल और स्टेट हाईवे में मवेशियों की बढ़ती घुसपैठ के कारण सडक़ हादसों में सिलसिलेवार बढ़ोत्तरी हो रही है। नेशनल हाईवे में मवेशियों का झुंड हादसों की असल वजह के रूप में सामने आया है। सोमवार सुबह तुमड़ीबोड़ के पास नेशनल हाइवे में दो मवेशी ट्रक की चपेटे में आ गए। वहीं इस घटना में 3 मवेशी को गंभीर चोट पहुंची है। इसी तरह सोमवार सुबह जिले के दूसरे क्षेत्र सोमनी और मलईडबरी में भी तेज रफ्तार वाहनों के चपेटे में आने से क्रमश: 2 और 4 मवेशियों की मौत हो गई। इस बीच राजनांदगांव शहर के नजदीक 7 गायों की हाईवे में सडक़ दुर्घटना के चलते मौत हो गई। सोमवार को अलग-अलग हादसों में कुल 15 मवेशी मारे गए।
बताया जा रहा है कि मवेशियों को लावारिस हालत में छोडऩे की वजह से हादसों में इजाफा हुआ है। मवेशी मालिक हर बरसात में सडक़ों में मवेशियों को भगवान भरोसे छोड़ देते हैं। रात को हाईवे के मध्य मवेशियों का झुंड नजर आता है। तेज रफ्तार में होने के कारण मवेशियों पर चालकों की नजर नहीं पड़ती। इसी के चलते हादसे में बेजुबान मवेशी मारे जा रहे हैं।
इधर मवेशियों को हाईवे से हटाने की प्रशासनिक मुहिम भी ठंडी पड़ी हुई है। प्रशासन की ओर से बार-बार मवेशी मालिकों पर कार्रवाई करने की चेतावनी का असर नहीं पड़ रहा है। यही कारण है कि हादसों में मवेशी बेमौत मारे जा रहे हैं। राजनांदगांव जिले के सभी मुख्य मार्गों में मवेशियों को विचरण करते देखा जा सकता है। मवेशियों की सडक़ों में मौजूदगी से लोगों को सम्हलकर वाहन चलाने का दबाव झेलना पड़ रहा है। मवेशी मालिकों पर उचित कार्रवाई नहीं होने के कारण भी हादसे बढ़ गए हैं।
शहर के चौक-चौराहे बने अघोषित गौठान
नेशनल हाईवे में बढ़ रहे हादसों के बीच शहर के भीतरी इलाकों के चौक-चौराहों में भी मवेशियों का मजमा परेशानियों का कारण बन गया है। अघोषित रूप से सभी चौराहे गौठान में बदल गए हैं। शहर के मुख्य चौक में मवेशियों का झुंड आवाजाही को बुरी तरह से प्रभावित कर रहा है।
शहर के नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, रेल्वे स्टेशन रोड़, नंदई, बसंतपुर, मोहारा, पुराना गंज चौक, लखोली, मानव मंदिर चौक, गुरूद्वारा रोड़, जयस्तंभ चौक, जमातपारा, इंदिरा नगर, चिखली, स्टेशनपारा समेत अन्य इलाकों में मवेशियों का झुंड सडक़ों में नजर आता है। मवेशियों के सडक़ों में बैठने व खड़े होने से मार्गों में आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।