राजनांदगांव

धूमधाम से मना नागपंचमी पर्व
18-Aug-2026 2:59 PM
धूमधाम से मना नागपंचमी पर्व

अखाड़ों के युवाओं ने किया शौर्य प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 18 अगस्त। नागपंचमी के अवसर पर शहर समेत अंचल में भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ शिवालयों और नाग देवता के मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना का दौर चला। इसके साथ ही अखाड़ों के युवाओं ने भी व्यायामशाला में हनुमान जी की पूजा-अर्चना की।  नागपंचमी के अवसर पर अंचल समेत शहर में अखाड़ों का पारंपरिक प्रदर्शन भी युवाओं ने किया। शहर के मोतीपुर, नंदई, बांसपाई पारा सहित अन्य अखाड़ों व व्यायामशाला में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उत्सादों का सम्मान किया गया।  अखाड़ों के सदस्यों ने पारंपरिक करतब और शौर्य प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। ज्ञात हो कि नागपंचमी अवसर पर शहर और ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक अखाड़ां में कुश्ती व दंगल का भी आयोजन किए जाते रहे हैं।

नागदेव की हुई पूजा

नागपंचमी के अवसर पर नागबेल बरई तम्बोली समाज द्वारा सदर बाजार स्थित लक्ष्मी मंदिर भवन में समाज के ईष्टदेव नागदेवता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंगलकामना की गई। साथ ही प्रसादी वितरण किया गया। इस दौरान समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

निकाली महाकाल की पालकी

सावन माह के तीसरे सोमवार को महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। उक्त यात्रा शहर के ढाबा से निकालकर शांतिनगर, चिखली, स्टेशनपारा, होते हुए गौरीनगर पहुंची। महाकाल यात्रा में बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल हुए। महाकाल यात्रा में जयघोष के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए।

शिवलिंग का किया जलाभिषेक

 सावन मास में कांवडिय़े मोहारा स्थित शिवनाथ नदी से जल लेकर महादेव का जलाभिषेक किया। सुबह से ही कांवडिय़े मोहारा स्थित शिवनाथ नदी पहुंचकर कांवड़ में जल लेकर हर-हर महादेव व बम-बोले का जयघोष करते शिवालयों और मंदिरों में पहुंचे।  श्रद्धालुओं और कांवडिय़ों द्वारा श्रद्धा-भक्ति के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिरों में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा।

व्यायाम शाला में चला

पूजा-अर्चना का दौर

नागपंचमी के अवसर पर वार्ड क्र. 39 हीरामोती वार्ड के बांसपाई पारा में श्री बाली अखाड़ा में अखाड़ा के सदस्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उस्तादों का सम्मान किया। पार्षद रवि सिन्हा ने कार्यक्रम में शामिल होकर बजरंगबली और अखाड़े के अस्त्र-शस्त्रों का विधिवत पूजन किया। तत्पश्चात अखाड़े की रैली शुरू हुई। अखाड़े की रैली में युवाओं ने लाठी, तलवार सहित अन्य पारंपरिक शस्त्रों का करतब और शौर्य प्रदर्शन किया।


अन्य पोस्ट