राजनांदगांव

चिखली इलाके में हत्या की वारदात से पुलिस पर उठ रही उंगलियां
18-Aug-2026 2:58 PM
चिखली इलाके में हत्या की वारदात से पुलिस पर उठ रही उंगलियां

आरोपियों से मृतक ने पहले की थी मारपीट, सही वक्त पर पुलिस एक्शन नहीं होने से हुई हत्या की घटना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 18 अगस्त। राजनांदगांव के पटरीपार चिखली पुलिस चौकी से महज कुछ दूर पहले एक युवक की हत्या की वारदात को टाला जा सकता था।  वजह यह है कि हत्या में शामिल आरोपियों के साथ मृतक ने मारपीट की थी। इस घटना को लेकर पुलिस से आरोपियों ने मदद की गुहार लगाई थी। सही समय पर पुलिस के एक्शन में नहीं आने से आरोपियों ने घर में घुसकर हत्या की घटना को अंजाम दिया।

आरोपियों के परिजन अब पुलिस को वारदात के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इस संबंध में चिखली पुलिस चौकी प्रभारी कैलाश मरई ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि परिजनों का आरोप बेबुनियाद है। मृतक के द्वारा मारपीट करने की शिकायत की बात सरासर झूठी है। इस बीच चिखली इलाके में हत्या की वारदात होने से त्यौहारी सीजन में  डर का माहौल बन गया है। पटरीपार चिखली इलाका हमेशा मारपीट और हत्या की वारदातों के लिए कुख्यात रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक चिखली के 45 वर्षीय पप्पू देशमुख की रविवार देर रात को करीब 3 से 4 युवकों ने मिलकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात से कुछ दिन पहले आरोपियों की मृतक ने जमकर धुनाई कर दी थी। इस मामले को लेकर आरोपी मुकेश ने अपने साथियों बबलू साहू उर्फ बल्ला ने एक नाबालिक के साथ मिलकर पप्पू देशमुख की घर में घुसकर बैट-बल्ले से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पप्पू देशमुख पर इलाके में कथित तौर पर आतंक मचाने का आरोप रहा है।

बताया जा रहा है कि घटना की रात करीब 11 बजे मुकेश अपने साथियों के साथ पप्पू देशमुख के घर में घुसकर मारपीट करते उसकी ताबड़तोड़ पिटाई शुरू कर दी। करीब 25 मिनट तक आरोपियों ने मृतक की बेरहमी से पिटाई की। आसपास के लोगों की भीड़ जमा होने के बाद आरोपी भाग खड़े हुए। इस बीच पड़ोसियों और मोहल्ले के लोगों ने मृतक को अस्पताल पहुंचाया, तब तक उसकी जान चली गई।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने हत्या की घटना से पहले आरोपियों की शिकायत को अनसुना किया। मृतक के खिलाफ पुलिस द्वारा एक्शन नहीं लेने के बाद आरोपियों ने स्वयं बदला लेने की नीयत से मृतक को जान से मार डाला। बताया जा रहा है कि चिखली पुलिस चौकी के खिलाफ कई तरह के आरोप लग रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि हत्या की वजह अवैध कारोबार में वर्चस्व बनाना भी है। चिखली इलाके में  अवैध शराब की खपत धडल्ले से हो रही है। बहरहाल हत्या की घटना के बाद चिखली इलाका फिर से डर के माहौल से गुजर रहा है।


अन्य पोस्ट