राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 अगस्त। शहर के चिखली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की बीती रात कुछ युवकों द्वारा मारपीट करते हत्या की घटना सामने आई है। मृतक पूर्व महापौर का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस ने वारदात में शामिल कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इधर रविवार देर रात को हुए हत्या की वारदात से चिखली क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चिखली क्षेत्र में बीती रात कुछ अज्ञात युवकों ने एक होटल संचालक के छोटे भाई पप्पू देशमुख उर्फ सत्यजीत के साथ पुरानी रंजिश के चलते मारपीट किया। मारपीट की घटना रविवार देर रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। संदिग्ध युवकों ने पप्पू देशमुख के साथ मारपीट कर उसे गंभीर चोट पहुंचाई। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि मृतक पप्पू देशमुख और संदिग्ध लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि संदिग्ध युवकों ने पप्पू देशमुख की हत्या कर दी। हत्या की जानकारी मिलते ही चिखली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ संदिग्ध युवकों की तलाश में जुट गई। सूत्रों का कहना है कि पुलिस तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।