राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 अगस्त। हरेली पर्व पर शराब पीने के लिए मां से पैसे की मांग करते विवाद किया और सिर में वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान मां की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समस्त प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले के मानपुर थानांतर्गत मानपुर थाना में मर्ग क्र. 36/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मृतिका इद्रोतिनबाई नुरेटी 40 वर्ष निवासी टांगापानी तुमड़ीकसा थाना मानपुर के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट एवं उससे उत्पन्न जटिलताओं को बताते मृत्यु की प्रकृति हिंसात्मक होना लेख किया गया।
मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पति अमितराम नुरेटी, सास मेसनीबाई सहित अन्य गवाहों के कथन लिए गए। जांच में सामने आया कि 12 अगस्त को हरेली पर्व के अवसर पर परिवार के सदस्य खेत में पूजा करने गए थे। घर पर मृतिका इद्रोतिनबाई नुरेटी एवं उसका पुत्र रोहित कुमार नुरेटी मौजूद थे। जांच एवं गवाहों के कथनों के अनुसार आरोपी रोहित कुमार नुरेटी द्वारा शराब पीने के लिए अपनी मां से रुपए मांगे गए। रुपए नहीं देने की बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से अपनी मां के सिर पर वार कर दिया। जिससे उसे गंभीर चोट आई। परिजन जब वापस घर पहुंचे तो मृतिका खाट पर पड़ी हुई थी।
मृतिका ने इशारे से अपने पति को घटना के संबंध में बताया। इसके बाद परिजन तत्काल उसे उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक द्वारा जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। मर्ग जांच के दौरान शव पंचनामा, गवाहों एवं परिजनों के कथन, घटनास्थल निरीक्षण तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी रोहित कुमार नुरेटी द्वारा मारपीट कर सिर में गंभीर चोट पहुंचाने से मृतिका की मृत्यु होना पाए जाने पर थाना मानपुर में अपराध क्रमांक 45/2026ए धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में थाना मानपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते आरोपी रोहित कुमार नुरेटी 24 वर्ष निवासी टांगापानी तुमड़ीकसा को 16 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।