राजनांदगांव

बिलासपुर आईजी गर्ग और डीआईजी शशिमोहन राष्ट्रपति पदक से सम्मानित
16-Aug-2026 3:36 PM
बिलासपुर आईजी गर्ग और डीआईजी शशिमोहन राष्ट्रपति पदक से सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी में मुख्यमंत्री के हाथों मिला सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 16 अगस्त। बिलासपुर आईजी रामगोपाल गर्ग और रायगढ़ डीआईजी व एसपी शशिमोहन सिंह को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से दोनों अफसरों को राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त मेडल से सम्मानित किया गया।

दोनों अफसरों को उनकी पुलिस महकमे में अभूतपूर्व योगदान और सराहनीय कार्य के चलते केंद्र सरकार की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने राष्ट्रपति पदक से नवाजा। सराहनीय सेवाओं के लिए दोनों अफसरों को मुख्यमंत्री ने पदक मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। रामगोपाल गर्ग 2007 बैच के आईपीएस हैं। वहीं शशिमोहन 2012 बैच के आईपीएस हैं। दोनों अफसरों को पुलिस महकमे में बेहतरीन अफसरों में शुमार किया जाता है। सख्त पुलिसिंग और जीरो-टॉलरेंस को लेकर दोनों अधिकारियों की सोंच सदैव सकारात्मक रही है। गर्ग वर्तमान में पुलिस को हाईटेक करने की दिशा में कई प्रयोग कर रहे हैं। वह कम्प्यूटरीकृत पुलिसिंग को लेकर गहरी समझ के साथ काम कर रहे हैं। इसी तरह शशिमोहन सिंह अपराध पर काबू पाने के लिए अपने कड़े रूख के लिए जाने जाते हैं। राष्ट्रपति पदक मिलने पर दोनों अफसरों को पुलिस के अलावा गैर पुलिस विभाग से भी बधाईयां मिल रही है।


अन्य पोस्ट