राजनांदगांव
शिकायत पर एसपी का एक्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 अगस्त। राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा ने अवैध वसूली के आरोप में घिरे तीन आरक्षकों का तबादला कर महकमे में अनुशासन को लेकर कड़ा संदेश दिया है। एसपी की त्वरित कार्रवाई से विभाग में हडक़ंप मच गया। बसंतपुर थाना के तीन आरक्षकों पर भाजपा नेताओं ने शराब दुकान के पास लोगों से जबरिया वसूली की थाना प्रभारी से शिकायत की थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी ने गुरुवार देर शाम को विवादित आरक्षकों को जिले के दूरस्थ थाना और पुलिस चौकी जाने का फरमान जारी किया।
मिली जानकारी के अनुसार बसंतपुर थाना में पदस्थ आरक्षक लक्ष्मण टंडन, चंद्रशेखर श्रीवास और संजय साहू पर नंदई-फरहद बायपास में स्थित शराब दुकान के पास लोगों को डरा-धमकाकर वसूली करने का आरोप लग रहा था। बताया जाता है कि तीनों पुलिस वर्दी में नहीं थे। इसकी जानकारी भाजपा दक्षिण मंडल अध्यक्ष प्रशांत गुप्ता और प्रखर श्रीवास्तव तक पहुंची। इस बीच भाजपा नेताओं ने थाना पहुंचकर तीनों आरक्षकों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने बतौर साक्ष्य कुछ पीडि़तों को थाना प्रभारी के सामने पेश किया। पीडि़तों ने अपने साथ हुए अन्याय पर प्रभारी कौशलेंद्र देवांगन को जानकारी दी। बताया जाता है कि थाना प्रभारी ने बातचीत के दौरान आरक्षकों की पैरवी करने की कोशिश की। इसी बीच मंडल अध्यक्ष गुप्ता ने साफतौर पर कहा कि आरक्षकों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में एसपी से शिकायत होगी। इसके बाद एसपी ने वस्तुस्थिति का पता लगाने के बाद आरक्षक लक्ष्मण टंडन को पुलिस चौैकी जोब, चंद्रशेखर श्रीवास को पुलिस कैंप कोठीटोला और संजय साहू को पुलिस लाइन में भेज दिया।