राजनांदगांव
दूसरी घटना में मालवाहक दुर्घटनाग्रस्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 अगस्त। शहर के नागपुर रोड स्थित रामकृष्ण नगर चौराहे में शुक्रवार सुबह को हुई हल्की बारिश से सडक़ में फिसलन के चलते दो अलग-अलग सडक़ हादसे हुए। पहले हादसे में राजनांदगांव से नागपुर की ओर जा रही एक लोहे की छड़ से भरी ट्रक फिसलन की वजह से एक नाले में जा घुसी। जबकि एक मालवाहक नागपुर से दुर्ग जाने के दौरान सामने जा रही ट्रक के पीछे जा घुसी। दोनों हादसे में वाहन चालकों को मामूली चोट पहुंची है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक लोहे का छड़ लेकर रायपुर से गुजरात जा रही एक भारी वाहन सुबह करीब 5 बजे रामकृष्ण चौराहे से कुछ दूर पहले फिसलन की वजह से अनियंत्रित होकर नाले में जा घुसी। ट्रक चालक कमलेश भवाले के हाथ में मामूली चोट पहुंची। घटना सुबह करीब 5 बजे की है। चालक के मुताबिक हल्की बारिश के कारण सडक़ में फिसलन के चलते हादसा हुआ है। ट्रक तेज रफ्तार में थी। बे्रक मारने की वजह से ट्रक नाले में जा घुसी। उधर चौराहे में स्थित बे्रकर में अचानक सामने जा रही एक ट्रक के पिछले हिस्से में मालवाहक जा घुसी।
महाराष्ट्र के बुलढ़ाना से हरी मिर्च की खेप लेकर दुर्ग जा रहे मालवाहक चालक को सामने जा रही ट्रक के अचानक ब्रेक मारने का अंदाजा नहीं था। बताया जा रहा है कि मालवाहक चालक रोहित खोब्रागढ़े ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रक के पिछले हिस्से में घुसने से वाहन को नहीं रोक पाया। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। इस बीच मालवाहक के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने दोनों हादसों की जानकारी लेने के बाद जांच शुरू की है।