राजनांदगांव

जिले में कल शान से लहराएगा तिरंगा
14-Aug-2026 2:49 PM
जिले में कल शान से लहराएगा तिरंगा

पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में विस अध्यक्ष रमन करेंगे ध्वजारोहण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 अगस्त। देश की आजादी के 79  बरस पूर्ण होने का जश्न मनाने को लेकर पूरी तैयारी हो गई है। भारत की आजादी के 79 साल पूरा होने के उपलक्ष्य पर आयोजित तिरंगा यात्रा से जश्र-ए-आजादी के पर्व की खुशी दोगुनी हो गई है। पीटीएस मैदान में अंतिम रिहर्सल किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन शौर्य परेड मैदान पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विधानसभा अध्यक्ष 15 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। डॉ. रमन सिंह ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी लेंगे एवं परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा संदेश वाचन एवं मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में परेड का मार्चपास्ट, परेड कमांडरों का परिचय एवं फोटोग्राफी, शहीद परिवारों से भेंट, पीटी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

किया गया अंतिम रिहर्सल

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का रिहर्सल गुरुवार सुबह 9 बजे शौर्य परेड मैदान पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में किया गया। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने अंतिम रिहर्सल कर व्यवस्था का जायजा लिया। जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने रिहर्सल में मुख्य अतिथि का दायित्व निभाया। जिपं सीईओ ने ध्वजारोहण किया। रिहर्सल के दौरान ध्वजारोहण कर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान सीएसपी राजनांदगांव वैशाली जैन उपस्थित रही।

कलेक्टर ने व्यवस्था की ली जानकारी

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल में बैठक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से वीआईपी बैठक व्यवस्था के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, शहीद जवानों के परिजनों, पत्रकारों एवं जनसामान्य के लिए भी बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल की साज-सज्जा एवं सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा।

15 प्लाटून लेंगे हिस्सा

रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह के परेड का नेतृत्व परेड कंमाडर रक्षित निरीक्षक राजनांदगांव लोकेश कुमार कंवर ने किया। प्रशिक्षु सूबेदार राजनांदगांव  नेहा मान ने परेड टू-आई-सी का दायित्व निभाया। परेड में 15 प्लाटून भाग ले रहे हैं। परेड में जीडी आईटीबीपी राजनांदगांव, 8वीं वाहिनी राजनांदगांव, जिला बल पुरूष, पीटीएस बल पुरूष, जिला बल महिला, नगर सेना महिला, पीटीएस महिला बल, एनसीसी बालक दिग्विजय महाविद्यालय, नेवल विंग एनसीसी बालक दिग्विजय महाविद्यालय, एनसीसी बालिका दिग्विजय महाविद्यालय, एनसीसी बालिका कमला कालेज, एनसीसी बालक स्टेट हाई स्कूल, एनसीसी बालिका स्टेट हाई स्कूल, एनसीसी बालक जूनियर नेवल डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र स्कूल बसंतपुर, स्काउट-गाईड बालिका महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल शामिल हुए।

दी गई कार्यक्रमों

की प्रस्तुति

रिहर्सल के दौरान पीएमश्री सर्वेश्वर दास नगर पालिका निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रॉयल किड्स कान्वेन्ट, युगांतर पब्लिक स्कूल, संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पूर्ण गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, प्रशिक्षु आईएफएस यशस्वी मौर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 निगम में महापौर करेंगे ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस  पर नगर निगम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में महापौर मधुसूदन यादव द्वारा सुबह 7.30 बजे नगर निगम केन्द्रीय कार्यालय टाऊन हाल में ध्वजारोहण किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने निगम अध्यक्ष सहित महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यों, सभी पार्षदों, नामांकित पार्षदों, गणमान्य नागरिकों, पत्रकार बंधुओं व अधिकारी-कर्मचारियों से समारोह में उपस्थिति की अपील की है।

 बजरंगपुर नवागांव में ध्वजारोहण

जिला संयुक्त सेवा भजन मानस मंडल के तत्वाधान के अंतर्गंत बजंगपुर नवागांव में दोपहर 12 बजे इस वर्ष के 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष मनसुख सोनकर द्वारा किया जाएगा।  उक्त जानकारी अशोक सारथी ने दी।


अन्य पोस्ट