राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अगस्त। युगांतर पब्लिक स्कूल में अंग्रेजी विभाग द्वारा ‘नेक्सस’ प्रोग्राम आयोजित हुआ। इसके तहत विविध इंटर स्कूल प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। जिसमें केस कनक्लेव, नाट्य प्रस्तुति ‘कामिकल ड्रामैटिक ड्रॉप’ शामिल रही। केस कनक्लेव में प्रथम अजीज पब्लिक स्कूल, द्वितीय गायत्री विद्यापीठ, तृतीय नीरज पब्लिक स्कूल तथा नाट्य प्रस्तुति ‘ कामिकल ड्रामैटिक ड्रॉप’ में प्रथम नीरज पब्लिक स्कूल, द्वितीय नीरज विद्या मंदिर, तृतीय अजीज पब्लिक स्कूल रहे। युगांतर के विद्यार्थियों ने दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, पर वे आयोजनकर्ता विद्यालय होने के कारण इन प्रतियोगिताओं से बाहर रहे। इनके प्रदर्शन को निर्णायकों ने काफी सराहा।
इन प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों को उनकी कुशल अभिव्यक्ति के साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का कार्य किया। यही नहीं प्रतियोगिताओं ने उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान किया। जिससे उन्होंने अपनी रचनात्मकता और भाषाई कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने अपनी वाक- पटुता, अभिनय कौशल और अपनी भाषा पर सशक्त पकड़ से दर्शकों को काफी प्रभावित किया। प्रतियोगिताओं के उपरांत विजेताओं को विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर, पीआरओ स्पोट्र्स ऑफिसर दिनेश प्रताप सिंह तथा विभागाध्यक्ष कंचन सोहल द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य मधुसूदन नायर ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते उन्हें अपने अभिव्यक्ति एवं प्रस्तुति कौशल को और श्रेष्ठता से निखारने पर जोर दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में प्रभारी सुषमा प्रताप, दीपांक्षा शर्मा एवं अर्पण सैमुअल मसीह ने अमूल्य योगदान दिया।