राजनांदगांव

औंधी पुलिस ने विद्यार्थियों को पढ़ाया जागरूकता का पाठ
11-Aug-2026 2:56 PM
औंधी पुलिस ने विद्यार्थियों को पढ़ाया जागरूकता का पाठ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 11 अगस्त। मोहला-मानपुर जिले में औंधी पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाते सैकड़ों विद्यार्थियों को यातायात नियम, नशामुक्ति एवं साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। साथ ही नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक लगाते यातायात नियमों के पालन की भी समझाईश दी। वहीं साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए। नशे से दूर रहने एवं महिला-बालिका सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना पुलिस को देने की अपील, टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 की भी जानकारी दी।

मिली जानकारी के अनुसार मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिला के औंधी थाना प्रभारी उप निरीक्षक नवल साव के नेतृत्व में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत डॉ. भीमराव अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औंधी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 530 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, नशामुक्ति, महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराध तथा नए आपराधिक कानूनों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को संबोधित करते कहा कि सडक़ सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश देते कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिग बच्चों को दोपहिया अथवा अन्य वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ उनके स्वयं के जीवन एवं अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी को लेकर विद्यार्थियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया। उन्हें बताया गया कि ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन,  पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अज्ञात लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप डाउनलोड करने तथा सोशल मीडिया पर संदिग्ध लिंक एवं ऑफर के झांसे में आने से बचने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम में नए आपराधिक कानूनों के साथ-साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, अपराध, छेड़छाड़ अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना किसी भय के तत्काल पुलिस को सूचना दें। क्षेत्र की सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम के दृष्टिगत विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से अप्रवासी अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई। इस संबंध में टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी उप निरीक्षक नवल साव ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बने और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य शेखूराम साहू, समस्त शिक्षकगण एवं थाना औंधी पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।


अन्य पोस्ट