राजनांदगांव
प्रतियोगिता में 125 बच्चों ने लिया हिस्सा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अगस्त। दिग्विजय स्टेडियम में जारी राज्य स्तरीय जूनियर शतरंज प्रतियोगिता का समापन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद संतोष पांडे के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ। एलिगेंट कॉमर्स एवं आईटी कॉलेज राजनांदगांव एवं एनआरसीए द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में लगभग 125 बच्चों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में सर्वप्रथम अतिथियों ने बच्चों के मध्य जारी शतरंज प्रतिस्पर्धा का अवलोकन कर कुछ बच्चों के साथ शतरंज खेलने से अपने आपको नहीं रोक पाए। प्रतिभागी बालक एवं बालिकाओं ने अतिथियों को अपने साथ पाकर अत्यंत ही आनंद का अनुभव किया ।
अतिथियों का स्वागत दिग्विजय स्टेडियम के सचिव रमेश पटेल, सह-सचिव योगेश बागड़ी, एलिगेंट कॉलेज के अध्यक्ष राजेश खंडेलवाल, सचिव राजेश गुप्ता, सुनील अग्रवाल, नंदकिशोर सोनी, बलवीर बग्गा, सुदेश चौरसिया, राजेश बागड़ी, संस्था के प्राचार्य अशोक जोशी, स्टेडियम प्रबंधक देवेंद्र ठाकुर, सहायक प्रबंधक तीरथ गोस्वामी एवं प्रतियोगिता प्रभारी एवं कोच रामप्रसाद पाल ने किया। समापन समारोह में बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।
उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते कहा कि राजनांदगांव से लगातार बालिकाएं देश एवं दुनिया में अपना परचम लहराकर शहर का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में शतरंज से भी विशेष कर कोई बालिका खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम निश्चित रूप से रोशन करेंगी।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शहर की ही किरण अग्रवाल ने कुछ वर्ष पूर्व पूरी दुनिया में शतरंज से ख्याति प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया था। उन्होंने कुछ बालिका खिलाडिय़ों के साथ शतरंज खेलकर प्रतियोगिता का समापन किया।
स्टेडियम समिति के सचिव रमेश पटेल एवं सह-सचिव योगेश बागड़ी ने खेल मंत्री से अनुरोध किया है कि स्टेडियम के उत्थान के लिए कुछ प्रशासकीय स्वीकृति करवाएं, ताकि आने वाले समय में रणजी ट्रॉफी सहित बड़े आयोजन का संचालन यहां किया जा सके। खेल मंत्री ने दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित सभी प्रकार के खेलों के माहौल को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की ।
दिग्विजय स्टेडियम समिति के सचिव रमेश पटेल एवं सह-सचिव योगेश बागड़ी ने कुछ दिनों पूर्व स्टेडियम के उत्थान हेतु स्वीकृत 2 करोड़ 21 लाख की राशि जारी करवाने डॉ. रमन सिंह एवं खेल मंत्री अरुण साव का न्यवाद ज्ञापित किया। सांसद संतोष पांडे ने भी समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया है कि दिग्विजय स्टेडियम में खेलों को सुचारू रूप से चलाए जाने हेतु जो भी प्रस्ताव होगा, उसे तत्काल पूरा करने का प्रयास होगा । अतिथियों ने प्रतियोगिता में विजेता बालक एवं बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान किया। एलिगेंट कॉलेज के सदस्यों ने समारोह में अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। समारोह का संचालन शरद श्रीवास्तव व आभार प्रदर्शन सुनील अग्रवाल ने किया।
यह यह जानकारी संस्था प्राचार्य अशोक जोशी ने दी।