राजनांदगांव

किरायेदारों व होटल-लॉज में ठहरने वाले अतिथियों का सत्यापन जारी
10-Aug-2026 3:17 PM
किरायेदारों व होटल-लॉज में ठहरने  वाले अतिथियों का सत्यापन जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 अगस्त। किरायेदार एवं होटल-लॉज में ठहरने वाले अतिथियों का सत्यापन समाधान ऐप के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़ जिला पुलिस  द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से किरायेदारों तथा होटल/लॉज में ठहरने वाले अतिथियों के सत्यापन हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत समाधान ऐप के माध्यम से किरायेदार एवं होटल/लॉज के अतिथियों का सत्यापन सुनिश्चित करने आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका के माध्यम से शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराकर नागरिकों को सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

मुनादी के माध्यम से मकान मालिकों, होटल/लॉज संचालकों एवं आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि उनके यहां रहने वाले प्रत्येक किरायेदार तथा होटल/लॉज में ठहरने वाले अतिथियों का आवश्यक विवरण समाधान ऐप के माध्यम से अनिवार्य रूप से सत्यापित कराएं। पुलिस द्वारा बताया गया कि किरायेदार एवं अतिथि सत्यापन से पुलिस को क्षेत्र में निवासरत एवं आने-जाने वाले व्यक्तियों की जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध होती है। जिससे अपराध की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलती है।

जिला पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा अपने मकान में किरायेदार रखने अथवा होटल/लॉज में अतिथि ठहराने से पूर्व आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य कराएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें। जिला केसीजी पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।

0 अवैध प्रवासियों की सूचना देने पुलिस की अपील

खैरागढ़ पुलिस ने अवैध प्रवासियों की सूचना देने अपील की गई है। साथ ही राज्यव्यापी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर पर गोपनीय सूचना देने व सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात की। मिली जानकारी के अनुसार जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा जिले में कानून व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने तथा संदिग्ध एवं अवैध रूप से निवासरत व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।

पुलिस द्वारा आग्रह किया गया है कि यदि उनके आसपास कोई ऐसा व्यक्ति निवासरत है। जिसके संबंध में अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने अथवा अवैध रूप से निवास करने का संदेह हो अथवा किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होती हों तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जारी राज्यव्यापी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 पर सूचना दी जा सकती है।


अन्य पोस्ट