राजनांदगांव

डोंगरगढ़ भाजपा मंडल भंग, 5 निष्कासित
07-Aug-2026 3:11 PM
डोंगरगढ़ भाजपा मंडल भंग, 5 निष्कासित

शहर अध्यक्ष के खिलाफ मुहिम चला रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 7 अगस्त। डोंगरगढ़ भाजपा में पखवाड़ेभर से चल रहे राजनीतिक विवाद पर प्रदेश नेतृत्व ने कड़ी कार्रवाई करते पूरे मंडल को अगले आदेश तक भंग कर दिया।

इसी के साथ ही मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना की मौजूदा टीम पूरी तरह से भंग हो गई है। वहीं पार्टी नेतृत्व ने सीधे सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ टिप्पणी और विरोधी अभियान चलाने के मामले में 5 नेताओं को निष्कासित भी कर दिया है। यहां बता दें कि जिनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की गई है, उनके नेतृत्व में 126 भाजपा नेताओं ने पार्टी छोडऩे का ऐलान कर इस्तीफा सौंप दिया था। यहीं से मामला प्रदेश संगठन तक पहुंचा।

इधर निष्कासित नेताओं ने डोंगरगढ़ शहर में जश्न मनाया। पार्टी के फैसले को लेकर निष्कासित नेताओं का मानना है कि अब वह भाजपा से पूरी तरह से मुक्त हो गए हैं। अब डोंगरगढ़ शहर विकास के मुद्दों को लेकर स्वतंत्र रूप से आवाज उठाएंगे। इस संबंध में निष्कासित नेता प्रिंस कक्कड़ ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि सच को आईना दिखाने वालों को हमेशा  नुकसान उठाना पड़ता है। जनहित के मुद्दों को लेकर अब पूरी तरह से सभी एकजुट होकर काम करेंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ के 5 नेता प्रिंस कक्कड़, परविंदर सिंह मोंटी, अनिल पांडे, संतोष राव और विरेन्द्र साहू को पार्टी ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। बताया जा रहा है कि जिला संगठन की अनुशंसा पर प्रदेश के महामंत्री नवीन मारकंडे ने एक आदेश जारी कर सभी को निष्कासित करने पत्र जारी किया। इसके बाद डोंगरगढ़ में लंबे समय से शहर अध्यक्ष जसमीत बन्नोआना के खिलाफ चल रही मुहिम का पटाक्षेप हो गया। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक रामजी भारती, सुरेन्दर सिंह बन्नोआना के अलावा 4 अन्य नेताओं के खिलाफ निष्कासित नेताओं ने अभियान छेड़ रखा था।

संगठन से कई बार नाराज नेताओं ने चर्चा कर बन्नोआना के खिलाफ शिकवा-शिकायत की थी, लेकिन जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और अन्य प्रमुख  नेताओं ने शिकायतों को हल्के में लिया। इसके बाद एक अभियान के तहत डोंगरगढ़ में इस्तीफे का सिलसिला शुरू हुआ।  थोक के भाव में पार्टी छोडऩे के निर्णय की हवा जब प्रदेश नेतृत्व तक पहुंची, तब असंतुष्टों के साथ औपचारिक रूप से बैठक करने पहल की गई, लेकिन प्रमुख नेताओं को बैठक से दूर रखा गया। बहरहाल डोंगरगढ़ में भले ही निष्कासन की कार्रवाई कर विवाद को खत्म करने का प्रयास किया गया है। अब निष्कासित नेताओं ने नगर पालिका में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चलाने की घोषणा की है।

अन्य मंडलों में भी बढ़ रहा असंतोष

राजनांदगांव जिले की भाजपा की सांगठनिक इकाई में उथल-पुथल मची हुई है। डोंगरगढ़ में उठे विवाद के बीच अन्य मंडलों में भी असंतोष का माहौल है। बताया जा रहा है कि छुरिया क्षेत्र के एक भाजपा नेता ने जिला संगठन के प्रमुख पदाधिकारी को पार्टी में सक्रिय कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर काफी खरी-खोटी सुनाई है। इसके अलावा कुमर्दा मंडल में भी सबकुछ ठीक नहीं है।

डोंगरगांव मंडल में भी एक धड़ा सांगठनिक रूप से सक्रिय नहीं है। राजनांदगांव भाजपा के भी कई प्रमुख पदाधिकारी बैठकों से दूर हो गए हैं। यह भी चर्चा है कि प्रदेश नेतृत्व ने स्थानीय नेताओं को तालमेल बनाकर काम करने की हिदायत दी है, लेकिन मंडलों में व्याप्त नाराजगी को दूर करने की कोशिश औपचारिक रूप से की जा रही है। ऐसे में निष्ठावान कार्यकर्ताओं को पार्टी की मौजूदा स्थिति के साथ में तालमेल बनाने में असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट