राजनांदगांव

कार्य में गलतियों पर ध्यान देने की जरूरत - आईजी
06-Aug-2026 4:02 PM
कार्य में गलतियों पर ध्यान देने की जरूरत - आईजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 अगस्त।
पुलिस महानिरीक्षक राजनादगांव रेंज राजनांदगांव अजय कुमार यादव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में अधिकारी-कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास एवं कार्यकुशलता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 4 व 5 अगस्त को ‘पेशेवर आचरण एवं मानसिक लचीलापन’ विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन रक्षित केंद्र राजनांदगांव में किया गया।

प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर राजनांदगांव रेंज आईजी अजय यादव ने पुलिस की कार्य पर होने वाली गलतियों पर ध्यान देने, कार्यक्षमता एवं सीखने की क्षमता में वृद्धि करने के साथ अपने आपको बेहतर बनाए रखने के बारे समझाईश दिया। एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि अपने कार्य को बेहतर बनाने अपने आपको मजबूत एवं मानसिक एवं फिजिकली रूप से स्वस्थ रखकर कार्यक्षमता एवं सीखने की क्षमता में वृद्धि करने के बारे में समझाइश दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर पेशेवर आचरण, प्रभावी संवाद, नैतिक मूल्यों, टीम भावना, समय प्रबंधन तथा सकारात्मक कार्य संस्कृति के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही मानसिक लचीलेपन की अवधारणा, तनाव प्रबंधन, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संतुलित निर्णय लेने, भावनात्मक नियंत्रण तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षक कार्यक्रम में  डॉ. नेहा शुक्ला, डॉ. प्रतिभा दईपुरिया, अनिकेत सिंग देवोल एवं अन्य सहयोगी स्टॉफ  द्वारा विभिन्न उदाहरणों, समूह गतिविधियों एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने तथा स्वयं को प्रेरित बनाए रखने उपयोगी तकनीकों से परिचित कराया।  प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते कहा कि इससे उन्हें अपने व्यावसायिक व्यवहार में सुधार, तनाव से बेहतर तरीके से निपटने तथा कार्यस्थल पर अधिक सकारात्मक एवं प्रभावी भूमिका निभाने में सहायता मिलेगी। राजनांदगांव रेंज के सभी जिलों से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी से उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन में आईजी श्री यादव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते आशा जताई कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग वे अपने दैनिक कार्यों में प्रभावी रूप से करेंगे।
 


अन्य पोस्ट