राजनांदगांव

उमस और मानसून ब्रेक से फसल खतरे से बाहर
06-Aug-2026 2:59 PM
उमस और मानसून ब्रेक से फसल खतरे से बाहर

सप्ताहभर खेती के लिए जमीन में पर्याप्त नमी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 अगस्त। सावन के पहले सप्ताह में मानसून के रूठने से बारिश को लेकर संशय की स्थिति बन गई है। बरसात नहीं होने का सीधा असर खेती पर दिख रहा है।

रोपा लगाने के बाद किसानों को मूसलाधार बारिश की जरूरत है। हालांकि खेतों में पर्याप्त नमी की वजह से सप्ताहभर बरसात नहीं होने की स्थिति से भी फसलों को कोई नुकसान नहीं होने का अनुमान लगाया जा रहा है, लेकिन लंबा ब्रेक होने पर खेतों को जबर्दस्त हानि पहुंचने की भी आशंका है।

इस संबंध में कृषि विभाग के उपसंचालक टीकम ठाकुर ने  ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि खेती के लिए फिलहाल अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। पर्याप्त नमीं से खेतों को नुकसान होने का अंदेशा नहीं है।  मिली जानकारी के मुताबिक सावन महीने के शुरूआत होने से एक दिन पहले तक यानी 29 जुलाई तक मूसलाधार बारिश होने की वजह से खेतों को संजीवनी मिल गई थी। अच्छी बारिश होने की वजह से किसानों ने रोपा का काम तेजी से पूरा किया। सावन महीने के प्रारंभ होते ही मानसून ने चुप्पी साध ली है।

 बताया जा रहा है कि सावन में अच्छी बारिश होने का किसानों को अनुमान था, लेकिन मौसम ने पलटी मार दी। सावन की शुरूआत के साथ ही मानसून ब्रेक होने से किसानों को फसल बचाने की चिंता भी होने लगी है। बरसात नहीं होने से उमस से वातावरण में काफी गर्मी हो गई है। उमस से कीट-मकोड़ों के फसलों पर हमला करने का अंदेशा भी बढ़ा है। धान के पौधों के लिए निर्धारित समय पर पानी मिलना जरूरी है। उमस से खेतों में कीटों का प्रकोप पनपने लगता है। ऐसे में किसानों के माथो पर साफतौर पर चिंता दिख रही है।

अब तक जिले में 516 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। औसत बारिश की वजह से फिलहाल स्थिति नियंत्रित दिख रही है, लेकिन सावन के महीने में बारिश नहीं होने से फसलों को खड़ा होने में दिक्कतें हो सकती है। पंपों के जरिये पानी खेतों पर कुछ किसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन मझोले एवं छोटे किसानों को बारिश होने का बेसब्री से इंतजार है। इस बार बारिश का पैटर्न भी बदला हुआ है। सावन के महीने में अभी से खंड वर्षा की स्थिति भी बनी है। राजनांदगांव अंचल के पश्चिमी इलाकों में जहां अच्छी बारिश हो रही है। वहीं दक्षिणी  इलाके के कुछ हिस्सों में ही बादल मेहरबान हुए हैं। जबकि मैदानी इलाका अब भी तेज बारिश से भीगने का इंतजार कर रहा है।

बताया जा रहा है कि सप्ताहभर बारिश होने का फिलहाल संभावना नहीं दिख रहा है। वजह यह है कि नए सिस्टम बनने के बाद ही बारिश होने की संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई जा रही है। जिसके चलते तापमान और उमस भी बढ़ी है। उमस और गर्मी से खेतों को भले ही फिलहाल खतरा नहीं है, लेकिन जल्द बारिश नहीं होने से फसलें चौपट हो सकती है।


अन्य पोस्ट