राजनांदगांव

नांदगांव मेडिकल कॉलेज के 100 से ज्यादा इंटर्न डॉक्टर हड़ताल पर
04-Aug-2026 3:59 PM
नांदगांव मेडिकल कॉलेज के 100 से  ज्यादा इंटर्न डॉक्टर हड़ताल पर

स्टाइपेंड में वृद्वि की मांग पर अनिश्चितकालीन हड़ताल में

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 4 अगस्त। राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज के 100 से ज्यादा इंटर्न चिकित्सक मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।

मेडिकल कॉलेज के सामने इंटर्न चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से हड़ताल कर सरकार से स्टाइपेंड की राशि मेंं वृद्धि करने की मांग की। इससे पहले सोमवार को एडीएम को एक मांग पत्र सौंपकर सरकार से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने हड़ताली चिकित्सकों ने आग्रह किया। इसके बाद विभागीय प्रमुखों को विधिवत रूप हड़ताल में जाने की लिखित में जानकारी दी। एडीएम सीएल मारकंडेय को दिए ज्ञापन में चिकित्सकों ने मौजूदा स्टाइपेंड की राशि को बेहद कम बताते सरकार से देश के अन्य राज्यों का अनुशरण करने की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में 128 एमबीबीएस के छात्र बतौर प्रशिक्षु चिकित्सक कार्यरत हैं। एक जानकारी के अनुसार हड़ताल में जाने के लिए 102 प्रशिक्षुओं ने लिखित में कॉलेज प्रबंधन को जानकारी दी। इस संबंध में कॉलेज के उप अधीक्षक डॉ. पवन जेठानी ने ‘छत्तीसगढ़’ को जानकारी देते बताया कि हड़ताल से चिकित्सकीय सेवा पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ा है। उनका कहना है कि प्रशिक्षु चिकित्सकों की गैरमौजूदगी का ओपीड़ी और आंतरिक रोग निदान कार्य में असर नहीं पड़ा है।

इस बीच कॉलेज परिसर में आज सुबह से तय घोषणानुसार जूनियर चिकित्सकों ने हड़ताल शुरू की। बताया जाता है कि इंटर्न की स्टाइपेंड में बढ़ोत्तरी की मांग काफी समय से की जा रही है। राज्य सरकार ने मांग की सदैव अनदेखी की। मांग पर विचार नहीं होने की वजह से हड़ताल में जाने का ऐलान किया गया। हड़ताली चिकित्सकों का दावा है कि अस्पतालों में 12 घंटे से ज्यादा मरीजों की देखभाल और सेवा करने के लिए इंटर्न हमेशा आगे रहते हैं। बढ़ती महंगाई और कार्यभार को देखते हुए मौजूदा स्टाइपेंड अपर्याप्त है। इधर प्रशिक्षुओं के हड़ताल की वजह से वार्डों में चिकित्सकीय सेवा में विपरीत असर पड़ा। नियमित चिकित्सकों और स्टाफ को प्रशिक्षुओं की अनुपस्थिति पर काम का बोझ सहना पड़ा।


अन्य पोस्ट