राजनांदगांव
अच्छी वसूली के लिए प्रभारियों को दी बधाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अगस्त। राजस्व विभाग की सप्ताहिक समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने वसूली की वार्डवार जानकारी लेकर एक सप्ताह में अच्छी वसूली लाने के लिए सभी राजस्व प्रभारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार वसूली करने से हम शत-प्रतिशत राजस्व वसूली कर सकते हैं।
आयुक्त ने बैठक में कहा कि वर्तमान में वार्डों में पट्टा सर्वे किया जा रहा है। इसमें अधिकांश कर्मचारियो की ड्यूटी लगने के बावजूद इस सप्ताह अच्छी वसूली प्राप्त हुई। इसके लिए सभी राजस्व प्रभारियों को बहुत बहुत बधाई। इसी प्रकार टीम भावना से प्लानिंग कर कार्य करे, तो अच्छा रिजल्ट प्राप्त होगा और हम इस वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस माह लगभग 20 दिन में 1.50 करोड़ से अधिक की वसूली प्राप्त हुई, जो कड़ी मेहनता का परिणाम है।
आयुक्त ने एक सप्ताह में 10 लाख से अधिक की वसूली के लिए क्रमश: राजकुमार हरिहारनो, दीपांकर गुरू एवं विवेक उईके को पुरस्कृत किए और कम वसूली करने वाले राजस्व प्रभारी को इन्हीं की तरह वसूली करने समझाईस दी। राजस्व अधिकारी मोबिन अली ने कहा कि नए दर के अनुसार डिमाण्ड तैयार हो गया है, शेष बचे डिमांड जल्द तैयार करने निर्देशित करते कहा कि डिमांड के अनुसार करदाताओ को बिल बंाटे और उसके अनुरूप वसूली करना सुनिश्चित करे। प्रतिदिन घर-घर जाकर वसूली करने के साथ-साथ कार्यालय में भी राजस्व कर लेना सुनिश्चित करें। बैठक में सहायक राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर सहित राजस्व उप निरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।