राजनांदगांव
निर्माण कार्य, सफाई व पेयजल व्यवस्था का लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अगस्त। मूलभूत सुविधा बिजली, पानी व सफाई का हाल जानने महापौर मधुसूदन यादव ने शनिवार को वार्ड नं. 23 के लालबाग, महेन्द्र नगर, प्रभात नगर में वार्ड पार्षद राजा माखीजा के साथ पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई एवं निर्माण कार्य का जायजा लेकर वार्डवासियों से रूबरू होकर पानी व सफाई के संबंध में चर्चा की।
लालबाग में चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लेकर महापौर ने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। जिससे अच्छा काम हो और क्षेत्रवासियों को उसका लाभ मिल सके। गली नं. 8 एवं वाईडनियर स्कूल के पीछे व महेन्द्र नगर में नाली निर्माण की मांग पर वार्डो में विकास कार्य कराने शासन द्वारा स्वीकृत राशि से प्राथमिकता तय कर नाली निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य की सतत मानिटरिंग करने संबंधित इंजीनियर को निर्देशित किया।
महेन्द्र नगर व प्रभात नगर वासियों द्वारा पानी भरान से निजात दिलाने तथा सफाई कर्मी कम होने से ठीक से सफाई नहीं होने पर सफाईकर्मी बढ़ाने की मांग पर महापौर ने स्वास्थ्य अधिकारी से कहा कि कार्यरत कर्मचारियों से प्रतिदिन निर्धारित समय तक सफाई कराएं और सप्ताह में गैंग लगाकर भी सफाई कराना सुनिश्चित करें। अत्यधिक बारिश में पानी भरान की स्थिति से निपटने नाली में सुचारू बहाव के लिए नाली का ढाल ठीक करने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किए तथा लिकेज पाईप लाइन की मरम्मत करने कहा।
उन्होंने वार्डवासियों से कहा कि पानी भरान क्षेत्रों से समुचित पानी निकासी के लिए नाला निर्माण करने शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इसी प्रकार जगन्नाथ मंदिर शेड लगाने की मांग पर जल्द कार्य कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान गरिमा वर्मा, तिलक राज, राजेश मिश्रा सहित वार्डवासी उपस्थित थे।