राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 जुलाई। विश्व एवं देशभर में राजनांदगांव का मान-सम्मान बढ़ाने वाली ज्ञानेश्वरी यादव के पिता दीपक यादव एवं माता दुर्गा यादव को उनकी शाला रॉयल किड्स कान्वेंट की अध्यक्ष डॉ. सविता जेबी सिंह ने ज्ञानेश्वरी यादव के कॉमन वेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल प्राप्त करने पर स्वयं अपनी तरफ से 25 हजार रुपए का नगद ईनाम प्रदान किया।
स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल प्राप्त करने के पश्चात ज्ञानेश्वरी के स्कूल रॉयल किड्स कान्वेंट में बधाईयों का तांता लग गया तथा रॉयल किड्स परिवार ने उसके माता-पिता को सुबह की प्रार्थना सभा में आमंत्रित कर सम्मानित किया। शाला के निदेशक संजय बहादुर सिंह ने ज्ञानेश्वरी के माता-पिता को शॉल ओढ़ाकर श्रीफल प्रदान कर पुष्प गुच्छ एवं माला से स्वागत किया। साथ ही डॉ. सविता जेबी सिंह द्वारा प्रदत्त 25 हजार रुपए प्रदान किया।
कार्यक्रम की शुरूआत शाला के आशीर्वादक पूज्य पापाजी लाल शंकर बहादुर सिंह, मां अन्नपूर्णादेवी सिंह एवं शाला के संस्थापक डॉ. जेबी सिंह की स्मृति में 1 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। ज्ञानेश्वरी के पिता दीपक यादव ने बताया कि शाला के डायरेक्टर संजय बहादुर सिंह, श्रेयांश बहादुर सिंह तथा एकेडमिक डायरेक्टर अभिषेक खंडेलवाल ने सदा संभव ज्ञानेश्वरी का सहयोग किया और यह भी बताया कि संजय बहादुर सिंह सदैव बच्ची के आर्थिक सहयोग के लिए तैयार रहे एवं शाला शुल्क में अच्छी खासी रियायत भी दी।
श्रेयांश बहादुर सिंह ने ज्ञानेश्वरी को सदैव उच्च स्तर का मार्गदर्शन दिया तथा उसके लिए होटल में हैवी डाइट प्रोटीन फूड की व्यवस्था करवाई। प्राचार्य एवं शिक्षकों ने उसके अध्ययन में हमेशा सहयोग किया और स्कूल एजुकेशन के दौरान उसे सभी प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता में भाग लेने दिया गया। जिससे ज्ञानेश्वरी को नई ऊर्जा मिली और वह निर्बाध अपने विद्यार्थी काल से ही उत्कृष्ट प्रदर्शन का लोहा मनवाती रही ज्ञानेश्वरी की माता ने भी रॉयल किड्स कान्वेंट के प्रबंधन को विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया ।
इस अवसर पर शाला की अध्यक्ष डॉ. सविता जेबी सिंह, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, प्रशासक संजय बहादुर सिंह, बोर्ड मेंबर सावंत बहादुर सिंह, जन्मेजय बहादुर सिंह, श्रेयांश बहादुर सिंह, मनीषा सिंह, पूजा सिंह, जाह्नवी सिंह, ईला सिंह, बरसर आईके वैष्णव, अकैडमिक डायरेक्टर अभिषेक खंडेलवाल, प्राचार्य एकता खंडेलवाल, ममता मिश्रा, सरिता सिंह, अपर्णा वर्मा एवं शिक्षकों ने ज्ञानेश्वरी को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।