राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जुलाई। वनांचल मोहला के खेत-बाड़ी स्थित मकान से पुलिस ने मध्यप्रदेश निर्मित 19 पेटी शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार मोहला-मानपुर-अं. चौकी पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण कर बिक्री करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने में सफलता प्राप्त की। मोहला थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप टोप्पो के नेतृत्व में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 27 जुलाई को थाना मोहला में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम देवरसुर में एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना की तस्दीक एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए सउनि गुनेश निषाद के हमराह पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई हेतु रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा ग्राम देवरसुर पहुंचकर संदेही घनश्याम निषाद के खेत-बाड़ी स्थित मकान की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण पाया गया। आरोपी के कब्जे से 19 पेटी गोवा व्हिस्की शराब कुल 1950 पौवा मध्यप्रदेश निर्मित शराब बरामद कर गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया। आरोपी घनश्याम निषाद 42 वर्ष निवासी ग्राम देवरसुर मोहला का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।