राजनांदगांव

ऑनलाइन खाद व दवाई सप्लाई के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी बंदी
24-Jul-2026 3:28 PM
ऑनलाइन खाद व दवाई सप्लाई के नाम पर लाखों की ठगी,  आरोपी बंदी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 24 जुलाई। आनलाइन खाद एवं कृषि दवाई सप्लाई के नाम पर लाखों रुपए की साइबर ठगी का खुलासा करते पुलिस ने उत्तरप्रदेश के आरोपी  को गिरफ्तार किया।  पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दर्जनभर एटीएम कार्ड, पासबुक एवं घटना में प्रयुक्त मोबाइल को जब्त किया। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। 

मिली जानकारी के अनुसार जिला केसीजी पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खैरागढ़ में प्रार्थी ऋषभ सिंह निवासी ग्राम चिखलदाह  ने थाना खैरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि कृषि कार्य हेतु खाद एवं कृषि दवाई खरीदने उसने मोबाइल कुछ नंबरों पर संपर्क किया। आरोपियों ने स्वयं को खाद एवं कृषि दवाई सप्लायर बताकर व्हाट्सएप एवं मोबाइल कॉल के माध्यम से ऑर्डर लिया तथा विभिन्न किस्तों में कुल 5 लाख 40 हजार रुपए अपने बैंक खातों में ऑनलाइन जमा करा लिए।

 राशि प्राप्त होने के बाद आरोपियों ने न तो खाद एवं कृषि दवाई की आपूर्ति की और न ही भुगतान की गई राशि वापस की। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए तथा प्रार्थी से संपर्क समाप्त कर दिया। शिकायत की जांच उपरांत प्रथम दृष्टया साइबर धोखाधड़ी पाए जाने पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 151/2026 पंजीबद्ध कर धारा 318(4)   बीएनएस एवं 66डी सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 के तहत विवेचना प्रारंभ की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते थाना खैरागढ़ एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन जिला मैनपुरी (उत्तरप्रदेश) प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपी अनुरुद्ध कुमार कश्यप 27 वर्ष निवासी ग्राम नगला लछी मैनपुरी (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 नग विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, 2 नग बैंक पासबुक व एक नग घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद  कर विधिवत जब्त किया गया। पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं बैंक खातों के संबंध में जानकारी एकत्रित की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत  कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश एवं साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट