राजनांदगांव

रूक-रूककर हो रही बारिश से सम्हली खेती
20-Jul-2026 2:47 PM
रूक-रूककर हो रही बारिश से सम्हली खेती

 अभी भी मूसलाधार बारिश की दरकार, बांध-बैराज खाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 जुलाई। जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रूक-रूककर हो रही बारिश से खेतों की स्थिति में आंशिक सुधार हुआ है। खेती सम्हलने से किसानों की मायूसी फिलहाल टल गई है। वहीं जिले में मूसलाधार बारिश की जरूरत अब भी बनी हुई है।

अंचल में बारिश की कमी से खेती काफी पिछड़ गई है। पिछले दो दिनों से हर थोड़े अंतराल में हो रही बारिश से फसलों को तैयार होने का मौका मिल गया है। किसानों को खेती में हो रहे सुधार से राहत मिल रही है। हालांकि अनवरत बारिश नहीं होने के कारण बांध बैराज अब भी खाली पड़े हुए हैं। तय क्षमता से बांध व जलाशय भरने से काफी दूर है। 

बांध-बैराजों में पानी की कमी देखकर मानसून की कमजोर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। राज्य के दूसरे हिस्सों में मूसलाधार बारिश से बाढ़ की नौबत आन पड़ी है। जबकि राजनांदगांव समेत समूचा इलाका तेज बारिश के लिए इंतजार में है। बांधों में पानी की कमी का असर रबी की फसलों पर स्वभाविक रूप से पड़ेगा। वहीं बैराज खाली होने से पेयजल की समस्या भी भविष्य में पडऩे की आशंका है।  इस बीच अंचल में हो रही रूक-रूककर हो रही बारिश से मौसम खुशगवार हो गया है। गर्मी और उमस से लोगों को फिलहाल राहत है।

मौसम के बदलने से लोगों की सेहत पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। खासतौर पर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी-जुकाम ने ग्रसित कर लिया है। मौसमी बीमारी की वजह से अस्पतालों में मरीजों की भीड़ नजर आ रही है। जिले में पेयजल को लेकर भी कहीं-कहीं असामान्य हो गई है। मसलन कुछ ग्रामीण इलाकों में पेयजल के लिए हैंडपंप का उपयोग करना पड़ रहा है। कुछ गांवों में हैंडपंप भी जवाब दे रहे हैं। पर्याप्त बारिश नहीं होने की वजह से जमीनी जलस्तर अब भी नीचे है।  इस साल पड़ी भीषण गर्मी के चलते जलस्तर काफी नीचे चला गया था। उम्मीद की जा रही थी कि मानसून में जमीन का जलस्तर वापस लौटेगा, लेकिन मानसून के अनिश्चित रवैये के कारण जमीनी जलस्तर उपर नहीं आ सका। उधर मानसून के ढीले रवैये के कारण बुआई भी काफी पिछड़ गई है। आषाढ़ समाप्ति की ओर है, लेकिन मानसून की मेहरबानी में अब भी कमी नजर आ रही है।

 सावन में बेहतर बारिश की उम्मीद

सप्ताहभर बाद सावन का महीना शुरू हो जाएगा। ऐसे में बारिश के लिए सावन माह पर सबकी नजरें टिकी हुई है। खासतौर पर किसानों को सावन के महीने में मानसून का साथ मिलने का पूरा भरोसा है। इस साल शुरूआत से ही मानसून ने मौसम विभाग के अनुमान से परे अपना रूख बनाए रखा है। य

ानी जिस दिन बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया जाता है, उसके उलट तेज धूप और उमस से लोग हलाकान रहते हैं।

सावन का महीना बारिश के लिए एक अनुकूल माह माना जाता है। उम्मीद की जा रही है कि आषाढ़ में कमजोर रहा मानसून सावन महीने में अपनी रौनकता लिए वापस लौटेगा।


अन्य पोस्ट