राजनांदगांव

नेशनल हाईवे के सर्विस रोड निर्माण धीमी गति में 6 माह पूर्व शुरू हुए निर्माण से हादसे का बढ़ा खतरा
19-Jul-2026 5:37 PM
 नेशनल हाईवे के सर्विस रोड निर्माण धीमी गति में 6 माह पूर्व शुरू हुए निर्माण से हादसे का बढ़ा खतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 19 जुलाई। राजनांदगांव शहर के दोनों दिशा यानी दुर्ग और नागपुर की ओर नेशनल हाईवे में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए  6 माह पूर्व शुरू हुई सर्विस लेन निर्माण का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। बरसात के मौसम में निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे खतरनाक रूप ले सकते हैं। एक साल के भीतर सर्विस लेन का काम पूर्ण करने का लक्ष्य है।

इस संंंबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी मोहित राउत ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि अगले 6 माह के भीतर  निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। बारिश के कारण निर्माण की रफ्तार धीमी हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव आवाजाही के दौरान दुर्ग और नागपुर की ओर से बढ़ते यातायात का दबाव कम करने के लिए एनएचएआई  ने मार्च 2026 में सर्विस लेन निर्माण का काम शुरू किया था। प्रस्तावित नक्शे के अनुरूप दोनों दिशा की सर्विस लेन को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश था। राजनांदगांव से दुर्ग की ओर सोमनी तक और नागपुर की ओर ट्रांसपोर्ट नगर तक सर्विस लेन निर्माण का कार्य पूर्ण करने का प्रस्ताव है।

इसी आधार पर दोनों दिशा में सर्विस लेन तैयार की जा रही है, ताकि लोगों को आवाजाही के दौरान हाईवे से गुजरने से मुक्त रहने का मौका मिले। नेशनल हाईवे में तेज रफ्तार वाहनों के चलते साइकिल व दोपहिया वाहन सवारों को भारी भरकम वाहन और अन्य रफ्तार वाली गाडिय़ों के चपेट में आने का खतरा रहता है। बताया जा रहा है कि सर्विस लेन निर्माण के लिए एनएचएआई ने ठेकेदार को एक साल के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है। एनएचएआई के अफसरों का कहना है कि अगले वर्ष मार्च 2026 तक सर्विस लेन तैयार होगी।

 इस बीच कार्य के लिए खोदे गए गड्ढों में बारिश का पानी भरने से आवाजाही खतरनाक हो गई है। गड्ढों के कीचड़ से हाईवे में फिसलन की समस्या भी बढ़ी है। गड्ढों का भराव नहीं होने के कारण हाईवे से गुजरने के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए चौड़ीकरण का ठेका एनएचएआई द्वारा दिया गया है। ठेकेदार के सुस्त रवैये के कारण दोनों ओर काम बेहद सुस्त गति में है। नागपुर की ओर खोदे गए गड्ढों में अभी तक भराव नहीं किया गया है। जबकि निर्माण कार्य के चलते आवाजाही में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कमोबेश यही स्थिति दुर्ग दिशा की ओर है। निर्माण कार्य में विलंब होने के कारण हाईवे से गुजरने के दौरान लोगों को कई बार असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट