राजनांदगांव
बोरतलाव में हुए हादसे के तीसरे दिन उठी अर्थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जुलाई। जिले के बोरतलाव के आश्रित ग्राम गांधी नगर के रहने वाले तीन मासूम बच्चों की खेत के गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से हुई मौत की घटना के तीसरे दिन एक साथ मासूमों की अर्थियां उठी। यह लोमहर्षक दृश्य देखकर हर किसी की आंखों में गम साफतौर पर नजर आ रहा था। हादसे के दौरान तीनों के माता-पिता मजदूरी करने राज्य से बाहर थे। 15 जुलाई को पानी में डूबने से तीनों बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के तीसरे दिन कल शुक्रवार को गमगीन माहौल में तीनों मासूमों की चिताएं जली।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक कृष मंडावी और दानेश मंडावी सगे भाई थे। इस घटना में माता-पिता ने दोनों बच्चों को खो दिया। वहीं सार्थक कोकाटे अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बीते बुधवार को तीनों मासूम स्कूल से लौटने के दौरान गहरे गड्ढे में चले गए। जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि तीसरी लाइन के निर्माण को लिए ठेकेदार ने मनमाने ढंग से खुदाई कर गड्ढे को छोड़ दिया था। बरसात का पानी भरने से गड्ढा एक तरह से तालाब का रूप ले लिया। इसी बीच यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने ठेकेदार के विरूद्ध लापरवाही बरतने के मामले में अपराध दर्ज कर लिया है, लेकिन एफआईआर में ठेकेदार का नाम का जिक्र नहीं है। मुरूम खनन के लिए जिस ठेकेदार को परमिशन मिली थी, उसने मनमाने तरीके से बड़ा गड्ढा कर दिया। इधर परिजनों को प्रशासन की ओर से 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। हादसे को लेकर पूरे इलाके में रेल्वे प्रशासन के खिलाफ गुस्सा और नाराजगी पनप रही है। ठेकेदार को बचाने का भी पुलिस पर आरोप लग रहा है। पुलिस ने फिलहाल नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा लोगों को दिया है।
.jpeg)