राजनांदगांव

पुरानी रंजिश को लेकर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
17-Jul-2026 5:16 PM
पुरानी रंजिश को लेकर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 17 जुलाई। पुरानी रंजिश को लेकर  हंसिया एवं डंडे से प्राणघातक हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हंसिया व बांस के डंटे को बरामद कर आरोपियों को ज्युडिशियल रिमांड पर  न्यायालय में पेश किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार 15 जुलाई को कंट्रोल रूम राजनांदगांव से सूचना मिली कि मारपीट की घटना में आहत देवानंद उर्फ देवा कोलियारे को उचित इलाज के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री राजनांदगांव में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। डोंगरगांव थाना प्रभारी द्वारा सूचना की तस्दीकी के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री राजनांदगांव स्टॉफ रवाना किया गया। घायल देवानंद उर्फ देवा कोलियारे के मृत्यु पूर्व कथन लिया गया। घायल ने अपने कथन में बताया कि 14 जुलाई को रात्रि लगभग 8.30 से 9 बजे ग्राम कुमर्दा में पुरानी रंजिश को लेकर ग्यारूसराम कोलियारे 58 वर्ष और  पूरन कोलिहारे 23 वर्ष द्वारा हंसिया एवं डंडे से प्राणघातक हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

घायल के कथन के आधार पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 229/2026 धारा 351(2), 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपियों से पूछताछ की गई। जिसमें आरोपियों द्वारा  घटना करना स्वीकार किया गया। भारतीय साक्ष्य अधिनियम,  2023 की धारा 23(2) के तहत आरोपीगण का मेमोरेंडम कथन लिए गए। मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक हंसिया एवं एक बांस का डंडा बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी ग्यारूसराम कोलियारे निवासी ग्राम कुमर्दा और पूरन कोलियारे निवासी ग्राम कुमर्दा थाना डोंगरगांव को 16 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण अजमानतीय होने से आरोपियों को न्यायालय के समक्ष आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्तुत किया गया है।


अन्य पोस्ट