राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी ने मुख्य सचिव, वित्त सचिव, शिक्षा सचिव, एडी सचिव एवं संचालक लोक शिक्षण छत्तीसगढ़ को ई-मेल कर तथ्यात्मक पक्ष पुन: रखा है।
जानकारी देते प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी, प्रांतीय प्रमुख महामंत्री सतीश ब्यौहरे, जिला अध्यक्ष पीआर झाड़े, जिला संरक्षक मुकुल साव, पीएल साहू, जितेंद्र बघेल, सीएल चंद्रवंशी, वीरेंद्र कुमार रंगारी, बृजभान सिन्हा, पुष्पेंद्र साहू, शिरीष कुमार पांडे, हेमंत पांडे, उत्तम डड़सेना, अब्दुल कलीम खान, सुधांशु सिंह, सोहन निषाद, संजीव मिश्रा, संगीता ब्यौहरे, नीलू झाड़े, सीमा तरार, यामिनी साहू, अभिषिक्ता फंदियाल, स्वाति वर्मा, शिवानी दीवान तिवारी एवं अनिल साहू ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रचलित क्रमोन्नति योजनाओं का वित्त विभाग के प्रचलित समयमान वेतनमान में समाहित करने के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग (नियम शाखा.3) का आदेश 31 मार्च 26 तक नियुक्त शासकीय सेवक को आदेश जारी होने की तिथि से एक माह के अवधि में क्रमोन्नत वेतनमान अथवा समयमान जो भी लाभप्रद हो, किसी एक योजना के विकल्प का चयन करने का आदेश दिया है।
आदेश में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी शिक्षक संवर्ग एवं अन्य को द्वितीय क्रमोन्नति के संबंध में जारी परिपत्रों को 31 मार्च 2026 के पश्चात समाप्त समझने का उल्लेख है, फिर विकल्प भरने का क्या औचित्य है ? आदेश में उल्लेख है कि वित्त विभाग के समयमान वेतनमान के संबंध में जारी वित्त निर्देश 28 अप्रैल 2008 के परिशिष्ट.1 के अनुरूप संलग्न परिशिष्ट-2 में समयमान वेतनमान के संबंध में जिन पदों का समावेश नहीं है, उन विभागों द्वारा वित्त विभाग के समयमान वेतनमान योजना में शामिल करने हेतु प्रशासकीय विभागों से सुसंगत प्रस्ताव वित्त विभाग को प्रेषित किए जाएं। उल्लेखनीय है कि परिशिष्ट-2 में सहायक शिक्षक पद नाम एवं वेतनमान का उल्लेख में समावेश नहीं है। इससे स्पष्ट है कि सहायक शिक्षक पद पर प्रथम नियुक्त हुए शिक्षकों को त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान के स्वीकृति के लिए सुसंगत प्रस्ताव स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वित्त विभाग को प्रेषित करना शेष है। सहायक शिक्षक के लिए विकल्प भरने का औचित्य क्या है?
उन्होंने बताया कि क्रमोन्नत योजना केवल दो स्तरीय है। तीसरे का प्रावधान नहीं है। समयमान योजना त्रिस्तरीय है।अत: समयमान वेतनमान लाभप्रद होता है। इसका गणना प्रथम नियुक्ति/सेवा में प्रवेश के पद से होता है।