राजनांदगांव
दुकानों का जीर्णोद्धार समेत कई निर्णय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जुलाई। महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में महापौर परिषद की बैठक निगम स्थित महापौर कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में निर्माण कार्य हेतु निविदा आमंत्रण, पाईप लाईन विस्तार, इंटर कनेक्शन, निगम स्वामित्व की दुकानो का जीर्णोद्धार के अलावा आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति, जाति प्रमाण पत्र, दुकानो की लीज अवधि में वृद्धि करने संबंधी विषयो पर चर्चा उपरांत निर्णय लिया गया।
महापौर श्री यादव ने बैठक के संबंध में बताया कि बजट प्रावधान अनुसार लखोली, कन्हारपुरी से मोहारा बाइपास तक, रेवाडीह चौक से गोकुल नगर तक नाला निर्माण करने निविदा आमंत्रित करने की स्वीकृति प्रदान की गयी। इसी प्रकार पेयजल सप्लाई के लिए पाईप लाइन विस्तार करने, इंटर कनेक्शन कार्य की स्वीकृति प्रदान की गयी। साथ ही निगम स्वामित्व के टाउन हाल परिसर जीई रोड के किनारे की 38 दुकानें एवं कस्तूरबा महिला मंडल रोड की 18 दुकानों का जीर्णोद्धार करने निर्माण की स्वीकृति दी गई।
इसी प्रकार राष्ट्रीय परिवार सहायता योजनांतर्गत पात्र हितग्राहियों को राशि देने की स्वीकृति तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पेंशन राशि देने अनुशंसा की गई। इसी कड़ी में आंगनबाड़ी सहायिका एवं पालना सहायिका नियुक्ति, जाति प्रमाण पत्र के प्रकरण, दुकानों की लीज अवधि में वृद्धि करने तथा नामांतरण के प्रकरणों के अलावा मवेशी बाजार नीलामी में प्राप्त उच्चतम बोली की स्वीकृति सहित मोबाईल टावर एवं भूमिगत केबल पर संपत्तिकर अधिरोपण के संबंध में चर्चा उपरांत निर्णय लिया गया।
बैठक में शैंकी बग्गा, आलोक श्रोती, आयुक्त जीआर मरकाम, दीपक खाण्डे, यूके रामटेके, प्रणय मेश्राम, ज्योति साहू, गरिमा वर्मा, सुषमा साहू, मोबिन अली, हितेश ठाकुर, राकेश नंदे, राजेश मिश्रा, नारायण यादव सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे।