राजनांदगांव
हैदराबाद-नासिक में मजदूरी करने गए हंै माता-पिता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जुलाई। डोंगरगढ़ ब्लॉक के बोरतालाब के आश्रित ग्राम गांधी नगर के रहने वाले दो परिवार पर उस वक्त कहर टूट पड़ा, जब दोनों परिवार के तीन मासूम की रेल ठेकेदार द्वारा खोदे गए बड़े गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
बुधवार देर शाम को यह हादसा हुआ। देर रात लगभग 8-9 बजे के बीच मासूमों का शव पानी से रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। जब यह हादसा हो रहा था, तब तीनों मासूमों के माता-पिता संतानों के भविष्य को गढऩे के लिए हैदराबाद और नासिक में काम कर रहे थे। हादसे की खबर सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। दोनों परिवार अब वापस लौट रहा है। पुलिस लापरवाही बरतने के आरोप में रेल ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक बोरतालाब के गांधी नगर के रहने वाले कृष मंडावी (8 वर्ष), दिनेश मंडावी (6 वर्ष) व सार्थक कोकोटे (8 वर्ष) शाम ढलने के दौरान खेल रहे थे। इस बीच तीनों अचानक गायब हो गए। अंधेरा होने की वजह से तीनों मासूम के दादा-दादी ने पतासाजी शुरू की। इस दौरान एक ग्रामीण ने तीनों बच्चों को घटनास्थल के नजदीक खेलते हुए देखने की जानकारी दी। इस आधार पर ग्रामीणों ने पानी भरे गड्ढे में उतरकर ढूंढना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों मासूमों का शव पानी से बाहर निकाला गया। इस घटना से पूरा गांव सिहर उठा। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि कृष मंडावी और दिनेश मंडावी दोनों सगे भाई हैं। दोनों के पिता राकेश और तीसरे मृतक सार्थक कोकोटे के पिता कमलेश कोकोटे मजदूरी करने प्रदेश के बाहर हैदराबाद-नासिक में थे। माता-पिता की गैरमौजूदगी में तीनों मासूम की देखभाल उनके दादा-दादी कर रहे थे। इस बीच यह लोमहर्षक घटना हो गई। बताया जा रहा है कि रेल्वे ठेकेदार ने निर्माण कार्य के चलते एक बड़ा गड्ढा खोदकर छोड़ दिया था। बरसाती पानी भरने से यह गड्ढा एक तालाब के रूप में बदल गया। ऐसा अंदेशा है कि खेलने के दौरान तीनों मासूम गहरे गड्ढे में गिर गए। इस संबंध में डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि रेल्वे ठेकेदार के विरूद्ध लापरवाही बरतने का आरोप में कार्रवाई की जाएगी। उधर तीनों मासूम का शव डोंगरगढ़ के मरच्युरी में रखा गया है। बताया जा रहा है कि आज देर शाम तक तीनों मासूम के माता-पिता की वापसी हो जाएगी। इसके बाद कल गमगीन माहौल के बीच तीनों की अंत्येष्टि होगी।