राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जुलाई। सब्जी-तरकारी के भाव आसमान पर पहुंच गए हैं। सस्ती सब्जियों का फिलहाल भाव भी बढ़ा हुआ है। यानी लोगों को हरी सब्जियां खाने के लिए महंगी कीमत पर खरीददारी करनी पड़ रही है। पत्तागोभी, लौकी और कद्दू जैसी सस्ती सब्जियां भी महंगी हो गई है। फुटकर व्यापारियों को भी सब्जियों के दाम घटने का इंतजार है। वजह यह है कि कीमत बढऩे से फुटकर व्यापारियों का व्यापार भी ठप हो गया है।
बरसात के मौसम में सब्जियों की आवक घटने के कारण दाम लगातार बढ़ रहे हैं। आम लोगों के लिए सब्जी खाना बहुत मुश्किल होता जा रहा है। कीमत सुनकर कई लोग उल्टे पाव लौट रहे हैं। पत्तीदार सब्जियों का भाव भी बढ़ा हुआ है। हालांकि चिकित्सक बारिश के सीजन में सब्जी-तरकारी खाने में सावधानी बरतने की सलाह देते हैं। खासतौर पर पत्तीदार सब्जी यानी भाजी का सेवन करने से बचने की चिकित्सकीय सलाह भी रहती है।
महंगी सब्जियों की वजह से लोगों का स्वाद बिगड़ गया है। वहीं पत्तीदार सब्जियों की कीमत भी अन्य सब्जियों के बराबर आ गई है। सब्जी की कीमतों को सुनकर ग्राहकों के होश उड़ रहे हैं। वहीं विक्रेताओं के भी सब्जी बेचने में पसीने छूट रहे हैं। कीमत ने क्रेता-विक्रेता दोनों को ही परेशान कर दिया है। बताया जाता है कि लोकल बाडिय़ों में फिलहाल सब्जियों की नई फसलें तैयार हो रही है। यही वजह है कि सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। लिहाजा सब्जियों के दाम दोगुने हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से बिक रही भिंडी की कीमत भी दोगुनी हो गई है। बाजार में भिंडी, बरबट्टी, गंवारफल्ली, फूलगोभी सहित अन्य सब्जियों की कीमत में उछाल है। इसके साथ ही पत्तागोभी, लौकी और कद्दू के दाम भी बढ़े हुए हैं। इधर टमाटर की कीमत भी 20 से 30 रुपए किलो तक चल रहा है। हरी पत्तीदार सब्जियां भी दाम के मामले में किसी से कम नहीं है।
पत्तीदार सब्जियां लालभाजी, मूलीभाजी एवं गोभी भाजी की कीमतें भी बढ़ी हुई है।
स्थानीय गोलबाजार के फुटकर विक्रेताओं का कहना है कि बारिश के सीजन में सब्जियों का संकट रहता है। लिहाजा कीमतों को संभालना मुश्किल हो जाता है। पिछले कुछ दिनों से हरी मिर्च, अदरक, धनिया पत्ती की कीमतें भी बढ़ी हुई है। अदरक का दाम बढ़ा हुआ है। वहीं हरी मिर्च की कीमत में भी तेजी आई है। कुल मिलाकर सब्जियों की घटती खेप ने बाजार में लोगों को सीमित तरीके से खरीददारी करने के लिए मजबूर कर दिया है। ऐसी स्थिति में लोगों को हरी सब्जियों का स्वाद चखने में बहुत ही दिक्कते आ रही है। गृहणियों के लिए मुश्किल यह है कि महंगाई के बीच हरी सब्जियों की घर में खुशबू नहीं फैला पा रही है। भोजन में सब्जियों की कमी साफ दिख रही है। अगले कुछ दिनों तक ऐसी स्थिति रहने की संभावना जताई जा रही है।