राजनांदगांव

सूबेदार, उपनिरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर बनने युवाओं ने दी परीक्षा
13-Jul-2026 3:31 PM
सूबेदार, उपनिरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर बनने युवाओं ने दी परीक्षा

कड़ी जांच के बाद परीक्षा केंद्रों में मिला प्रवेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 13 जुलाई। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई को निर्धारित परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया गया। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की कड़ी जांच की गई। इसके बाद प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते परीक्षा केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थी।

परीक्षार्थियों को परीक्षा से पहले परीक्षा केंद्रों का एक दिन पहले निरीक्षण करने और परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने और फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। साथ ही ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।

 प्रतिबंधित रहा परिधान और इलेक्ट्रॉनिक सामान

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। जिसमें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के पहले गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, हरा जामुनी, मैरून या चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित किया गया था। वहीं धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए पहले पहुंचने को कहा गया था। इसके अलावा, चप्पल पहनकर आने, कान में किसी भी प्रकार के आभूषण न पहनने तथा परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी आदि लाने पर पूर्ण प्रतिबंध था। परीक्षार्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ लाने की अनुमति दी गई थी।

 कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्रों में अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने केन्द्राध्यक्षों एवं परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णत: पालन करते परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने निर्देशित किया।  

कलेक्टर ने परीक्षा केन्द्रों में गोपनीयता बनाए रखने, प्रतिबंधित सामग्री पर प्रभावी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ करें। जिससे परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उल्लेखनीय है कि जिले में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा 2024 का जिले के 7 परीक्षा केन्द्रों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई।


अन्य पोस्ट