राजनांदगांव
नांदगांव रेंज आईजी यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद महकमे व अपराधियों को दी चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जुलाई। राजनंादगांव रेंंज आईजी अजय यादव ने सोमवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। 2004 बैच के आईपीएस श्री यादव की बतौर रेंज आईजी यह तीसरा रेंज है। इससे पहले वह सरगुजा और बिलासपुर आईजी के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने फौरन बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में अपनी स्पष्ट कार्यनीति को जाहिर करते कहा कि रेंज का एक बड़ा हिस्सा दूसरे राज्यों की सरहद से जुड़ा हुआ है। ऐसे में अवैध शराब के अलावा अन्य मादक पदार्थों की तस्करी एक समस्या रही है। उन्होंने साफतौर पर कहा कि वह शराब तस्करी और अवैध कारोबार पर स्वयं पुलिस की संलिप्तता पर नजर रखेंगे। आईजी का स्पष्ट कहना था कि महकमे के पुलिस अफसर और आरक्षकों की मिलीभगत को वह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
आईजी ने कहा कि राजनंादगांव रेंज के नक्सल प्रभावित मोहला-मानपुर के समर्पित नक्सलियों के पुनर्वास को लेकर वह आवश्यक पहल करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राजनांदगांव शहर की बढ़ती यातायात समस्या का निराकरण करने के लिए वह एसपी के साथ विशेष बैठक कर बेहतर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने माना कि रेंज में बल की समस्या बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद सीमित संसाधनों के बदौलत हर समस्या का निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर के साथ ही क्राईम का पैटर्न भी तेजी से बदल रहा है। इसके लिए हर स्तर पर पुलिस भी बदलाव की पक्षधर है। आईजी ने संक्षिप्त चर्चा में अंतर्राज्यीय सीमा पर अवैध शराब के मामलों में तत्कालिन पुलिस अफसरों ने बेहतर कार्रवाई की है। पुलिस यह भी मानती है कि इसके लिए लोगों को भी जागरूक होना पड़ेगा। आईजी ने कहा कि चालानी कार्रवाई लोगों को एक सबक के लिए की जा रही है।
पुलिस डर का वातावरण नहीं बना रही है, बल्कि लोगों को नियम-शर्तों के आधार पर वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इससे पहले आईजी श्री यादव का एसपी अंकिता शर्मा, मोहला-मानपुर एसपी वायपी सिंह और खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने स्वागत किया। प्रारंभिक परिचय के बाद जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों से आईजी यादव ने संक्षिप्त बातचीत की। इस दौरान एएसपी कीर्तन राठौर, एएसपी गीता वाधवानी, सीएसपी वैशाली जैन, सीएसपी अलेक्जेंडर किरो, डीएसपी केपी मरकाम और डीएसपी अम्ब्रोस कुजुर समेत अन्य विभागीय अफसर शामिल थे।