राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जुलाई। राज्य सरकार ने अहम प्रशाासनिक फेरबदल में राजनांदगांव रेंज आईजी के तौर पर अजय यादव को पदस्थ किया है। श्री यादव 2004 बैच के आईपीएस हैं। पूर्व में वह सरगुजा और बिलासपुर रेंज में बतौर आईजी सेवाएं दे चुके हैं। मूलत: कोंडागांव के रहने वाले यादव ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एसपी के रूप में कार्य किया है। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव की वजह से राजनांदगांव जैसा एक चुनौतीपूर्ण पुलिस रेंज उनके हवाले किया गया है। इधर श्री यादव सोमवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते श्री यादव ने कहा कि विधिवत रूप से वह सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद वह रेंज की मौजूदा भौगोलिक, सामाजिक परिस्थिति के आधार पर कार्य करेंगे। इस बीच श्री यादव की पदस्थापना के बाद उम्मीद की जा रही है कि रेंज में पुलिस की एक विशिष्ट साख नजर आएगी। सख्त पुलिसिंग के अलावा कानून व्यवस्था और अपराध के ग्राफ में गिरावट की भी उम्मीद है।