राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जुलाई। राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन में बीते 8 जुलाई को चलती ट्रेन में सवार हो रहे एक यात्री की रेल्वे पुलिस जवान की तत्परता से जान बच गई। यात्री चलती ट्रेन में सवार होने की कोशिश करने के दौरान दरवाजे में गिर गया। उक्त घटना रेल्वे पुलिस के कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। किसी तरह जवान ने दौडक़र यात्री को अपनी ओर खींचा। इसके बाद जवान ने यात्री को सम्हालते हुए पानी पिलाया।
मिली जानकारी के मुताबिक ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में घटना के दिन एक चलती ट्रेन में एक यात्री सवार होने की कोशिश के दौरान दरवाजे के पास गिर गया। रेल्वे पुलिस के जवान ने दौड़ लगाकर यात्री को अपनी ओर खींचा।
बताया जा रहा है कि राजनांदगांव स्टेशन में ठहराव के दौरान यात्री ट्रेन से उतर गया था। जैसे ही ट्रेन चलने लगी, उसी दौरान यात्री ने चढऩे का प्रयास किया। संतुलन गंवाने की वजह से यात्री दरवाजे में गिर गया। इस बीच प्लेटफार्म में तैनात प्रधान आरक्षक राजेन्द्र रायकवार ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए यात्री को सुरक्षित बचा लिया।
बताया जा रहा है कि यात्री बृजेश सकुनिया (52) झारसुगड़ा तक यात्रा कर रहा था। वह गोंदिया जक्शन से ट्रेन में सवार हुआ था। आरपीएफ की तत्परता की वजह से उसकी जान बच गई। इस बीच आरपीएफ प्रभारी तरूणा साहू ने मुसाफिरों से चलती ट्रेन में सवार नहीं होने की अपील की है।