राजनांदगांव

मवेशी तस्करी करते एक गिरफ्तार
09-Jul-2026 5:01 PM
मवेशी तस्करी करते एक गिरफ्तार

आधा दर्जन मवेशी और वाहन जब्त
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जुलाई।
मवेशी तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते 6 नग मवेशी एवं पिकअप वाहन को जब्त किया। महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जा रहे 6 मवेशियों को मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के मुताबिक अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर एवं पाटनखास चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरकर महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।  पुलिस को देखकर वाहन चालक एवं उसका साथी वाहन छोडक़र भागने लगे। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते उनका पीछा किया और एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम रुपेश कुमार कुंजाम 22 वर्ष निवासी ग्राम गोटाटोला डोंगरगांव  बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने फरार वाहन चालक का नाम सुनील कुमार जुरेशिया तथा मवेशियों के स्वामी का नाम पंचूराम साहू दोनों निवासी ग्राम गोटाटोला होना बताया।

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 4 नग भैंसी एवं 2 नग पड़वा कुल 6 नग मवेशी  भरे हुए पाए गए। सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराते वाहन एवं मवेशियों को विधिवत जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम पशुक्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटरयान अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्रकरण में फरार वाहन चालक सुनील कुमार जुरेशिया एवं पशु स्वामी पंचूराम साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट